आज की ताजा खबर

टायर स्क्रैप फैक्ट्री में भीषण आग, 10 घंटे तक जूझते रहे दमकलकर्मी

top-news

छह फायर टेंडर और दो जेसीबी की मदद से आग पर पाया काबू, जहरीले धुएं के बीच ब्रीदिंग सेट पहनकर बुझाई आग; जनहानि टली,

गोपाल प्रकाश सक्सेना

फर्रुखाबाद l टायर स्क्रैप फैक्ट्री में मंगलवार तड़के लगी भीषण आग ने दमकलकर्मियों की कड़ी परीक्षा ली। आग इतनी विकराल थी कि पूरे फैक्ट्री परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। टायरों के ज्वलनशील ढेर और चारों ओर फैले जहरीले धुएं के बीच अग्निशमन कर्मियों ने करीब 10 घंटे तक मोर्चा संभाले रखा। छह फायर टेंडर और दो जेसीबी की मदद से योजनाबद्ध तरीके से चलाए गए अभियान के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और न ही कोई घायल हुआ।


मैनपुरी और कन्नौज से भी बुलाई गई मदद 

अग्निशमन विभाग के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 4:05 बजे फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली। तत्काल फतेहगढ़ से तीन फायर टेंडर रवाना किए गए, जबकि संकिसा में ड्यूटी पर तैनात एक अन्य फायर टेंडर को भी मौके पर भेजा गया। आग की गंभीरता को देखते हुए मैनपुरी और कन्नौज से एक-एक फायर टेंडर बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने चारों तरफ से आग को घेरकर पानी की बौछार शुरू की। पास की फैक्ट्री और कोल्ड स्टोरेज से भी पानी की आपूर्ति कराई गई।


जेसीबी से हटाया जलता स्क्रैप, दोबारा आग भड़कने से रोका 

टायर स्क्रैप की अधिक मात्रा और उसकी ज्वलनशील प्रकृति के कारण आग बुझाना चुनौतीपूर्ण रहा। जहरीले धुएं के बीच दमकलकर्मियों ने ब्रीदिंग ऑपरेटस सेट का इस्तेमाल कर अंदरूनी हिस्सों में कार्रवाई की। जेसीबी की सहायता से जलते टायर स्क्रैप को हटाया गया, जिससे भीतर सुलग रहे पदार्थों तक पहुंचकर पानी डालना संभव हुआ। आग बुझाने के बाद भी घटनास्थल का निरीक्षण कर सुलगते अवशेषों को शांत किया गया, ताकि आग दोबारा न भड़क सके।

सीएफओ के निर्देशन में चला अभियान

मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुभाष कुमार के निर्देशन और अग्निशमन केंद्र प्रभारी प्रांशु अवस्थी के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। इसमें लीडिंग फायरमैन विनोद कुमार और कन्नौज के ओमवीर सिंह के साथ छह चालक तथा 16 फायरमैन शामिल रहे। दमकलकर्मियों ने आपसी समन्वय, सतर्कता और टीम भावना के साथ लगातार काम किया। मौके पर थाना प्रभारी मोहम्मदाबाद पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। करीब 10 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित किया गया।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *