आज की ताजा खबर

मिलावटखोरों पर कसेगा शिकंजा, मिठाई के डिब्बों पर लिखनी होगी वैधता तिथि

top-news

त्योहारों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों पर होगी कार्रवाई, डीएम ने छापेमारी तेज करने और खोया-पनीर से लेकर घी-तेल तक की जांच के दिए निर्देश

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

फर्रुखाबाद l त्योहारों की आहट के साथ बाजार में मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोरों पर प्रशासन ने शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अब खाद्य सुरक्षा विभाग को अभियान तेज करना होगा। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए नियमित छापेमारी की जाए और जांच में अनियमितता मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही मिठाई के डिब्बों और बॉक्स पर वैधता तिथि स्पष्ट रूप से अंकित कराना सुनिश्चित किया जाए। 

मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन समिति की समीक्षा बैठक हुई। इसमें खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, मिलावट पर प्रभावी नियंत्रण और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए विभागीय कार्रवाई की समीक्षा की गई।


483 निरीक्षण, 53 छापेमारी की कार्रवाई

बैठक में सहायक आयुक्त खाद्य ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक विभागीय अधिकारियों ने 483 निरीक्षण किए हैं। इस दौरान मिलावट और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए 53 छापेमारी की कार्रवाई करते हुए 56 नमूने एकत्र किए गए। इन नमूनों के माध्यम से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच की जा रही है।


खोया, पनीर और दूध पर रहेगी खास नजर

त्योहारी सीजन को देखते हुए डीएम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर छापेमारी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मिठाई, खोया, पनीर, दूध, घी और खाद्य तेल समेत अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखी जाए। कहीं भी मिलावटी या संदिग्ध खाद्य सामग्री के निर्माण, भंडारण अथवा बिक्री की सूचना मिले तो तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

जिलाधिकारी ने मिष्ठान विक्रेताओं को मिठाई के डिब्बों और बॉक्स पर वैधता तिथि स्पष्ट रूप से अंकित करने के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा मानकों और लागू नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

लापरवाही मिली तो तय होगी जवाबदेही

डीएम ने कहा कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के कारण मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग की जिम्मेदारी और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। अधिकारियों को केवल औपचारिक निरीक्षण तक सीमित न रहकर प्रभावी और परिणामोन्मुखी कार्रवाई करनी होगी। मिलावट की शिकायत मिलने या जांच में अनियमितता सामने आने पर संबंधित प्रतिष्ठान और जिम्मेदार व्यक्तियों की जवाबदेही तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

उन्होंने खाद्य सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने और आमजन को सुरक्षित खाद्य पदार्थों के उपयोग के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपदवासियों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ नियमित निगरानी और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

 


पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *