आज की ताजा खबर

सीएम डैशबोर्ड पर आंकड़ों की फीडिंग में देरी पर जताई सख्ती, 50 लाख रुपये से अधिक की परियोजनाओं की समीक्षा कर समयबद्ध निर्माण और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश

top-news

डीएम डॉ. अंकुर लाठर का सख्त रुख, बोले- विकास कार्यों में लापरवाही और गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं,

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

फर्रुखाबाद l विकास कार्यों में लापरवाही, निर्माण में घटिया गुणवत्ता और विभागीय आंकड़ों की फीडिंग में देरी पर अब प्रशासन की नजर रहेगी। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और समयसीमा से समझौता नहीं होना चाहिए। सीएम डैशबोर्ड पर विभागीय प्रगति की नियमित फीडिंग सुनिश्चित करने के साथ निर्माणाधीन परियोजनाओं को तय समय में पूरा कराया जाए। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने 50 लाख रुपये एवं उससे अधिक लागत की निर्माण परियोजनाओं सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति परखी और लापरवाही से बचने की हिदायत दी।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी जनपद स्तरीय अधिकारी अपने-अपने विभाग की योजनाओं की नियमित समीक्षा करें। सीएम डैशबोर्ड पर निर्धारित समयसीमा के भीतर सही और अद्यतन आंकड़े दर्ज किए जाएं। पोर्टल पर उपलब्ध सूचनाओं का संबंधित अभिलेखों से मिलान कर उनकी शुद्धता सुनिश्चित की जाए। डाटा फीडिंग में लापरवाही या अनावश्यक देरी के कारण जिले की रैंकिंग प्रभावित नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को अपनी योजनाओं की प्रगति पर लगातार नजर रखने और कमियों को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए गए।

सड़क निर्माण में गुणवत्ता की होगी सख्त निगरानी

लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम ने सड़क निर्माण और मरम्मत में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता और मौके पर कार्य की वास्तविक प्रगति की नियमित जांच की जाए। निर्माण स्थलों की गूगल लोकेशन के साथ फोटोग्राफ उपलब्ध कराए जाएं, ताकि कार्यों की स्थिति का सत्यापन किया जा सके। संबंधित अधिकारी स्थलीय निरीक्षण कर सुनिश्चित करें कि निर्माण कार्य तय मानकों के अनुरूप पूरे हों।

पांचाल घाट पर निराश्रित गोवंश और बंदरों की समस्या पर निर्देश

पांचाल घाट क्षेत्र में निराश्रित गोवंश के विचरण की समस्या पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने गोवंश को पकड़कर निर्धारित गो-आश्रय स्थलों तक पहुंचाने और बंदरों की समस्या के समाधान के लिए नियमानुसार व्यवस्था करने को कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि घाट पर आने वाले लोगों की सुरक्षा, आवागमन की सुविधा और क्षेत्र की व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए इस कार्य को प्राथमिकता दी जाए।

प्रोजेक्ट अलंकार और जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा

प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा में जिला विद्यालय निरीक्षक को प्रगति तेज करने और लंबित कार्यों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए। वहीं, जननी सुरक्षा योजना में लाभार्थियों से संबंधित सूचनाओं की पोर्टल पर फीडिंग में तेजी लाने को कहा गया। डीएम ने आशा और एएनएम के कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा पात्र लाभार्थियों को समय से योजना का लाभ दिलाने पर जोर दिया।

पूरी हो चुकी परियोजनाएं जल्द होंगी हस्तांतरित

बैठक में 50 लाख रुपये एवं उससे अधिक लागत वाली निर्माणाधीन और पूर्ण परियोजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं से निर्माण की वर्तमान स्थिति, कार्यों की प्रगति और हस्तांतरण के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं का निर्माण शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है, उनकी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर संबंधित विभाग को शीघ्र हस्तांतरित किया जाए, ताकि उनका उपयोग जनहित में शुरू हो सके। अधूरे कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखने और प्रत्येक परियोजना की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए।

डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने अधिकारियों से शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विभागीय समन्वय के साथ लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा प्रत्येक कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, उपायुक्त जीएसटी हिम्मत सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी वीरेंद्र कुमार, उप निदेशक कृषि अरविंद मोहन, जिला उद्यान अधिकारी राघवेंद्र सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी योगेश पाण्डेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *