आज की ताजा खबर

उन्नाव में सरदार पटेल की स्मृति में बन रहे पार्क, स्मृति द्वार और सेल्फी प्वाइंट, शहर को मिलेगी नई पहचान

top-news

आवास विकास से सिविल लाइंस और सिकंदर सरोसी तक विकसित की गईं सुविधाएं

पटेल पार्क में प्रतिमा स्थापना का काम पूरा, जयंती पर अनावरण प्रस्तावित

मोहम्मद आरिफ

उन्नाव। लौहपुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकता व अखंडता में दिए गए योगदान को यादगार बनाने के लिए उन्नाव में कई विकास कार्य कराए गए हैं। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक पार्क, स्मृति द्वार, सेल्फी प्वाइंट, प्रतिमा स्थापना और ओपन जिम जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इनका उद्देश्य सरदार पटेल के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

सदर विधायक पंकज गुप्ता ने पत्रकार वार्ता में इन कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि आवास विकास कॉलोनी में जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के माध्यम से सरदार पटेल की स्मृति में पार्क का निर्माण कराया गया है। शहर के प्रवेश मार्ग पर बाईपास के पास भी स्मृति स्थल विकसित किया गया है। इसके अलावा सिविल लाइंस में कचहरी के प्रवेश मार्ग पर विधायक निधि से सरदार पटेल स्मृति द्वार बनाया गया है। इसी क्षेत्र में आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी तैयार किया गया है।

सिकंदर सरोसी में प्रतिमा के साथ पार्क और ओपन जिम

विधायक के मुताबिक, ग्रामीण क्षेत्र में सार्वजनिक सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए विकासखंड सिकंदर सरोसी के ब्लॉक परिसर में सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थापित की गई है। परिसर में पार्क और ओपन जिम भी विकसित किया गया है। इससे स्थानीय लोगों को खुले वातावरण में समय बिताने और व्यायाम करने की सुविधा मिलेगी।

वहीं, जिला मुख्यालय स्थित पटेल पार्क में भी सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थापित करने का कार्य पूरा हो चुका है। प्रतिमा का अनावरण उनकी जयंती के अवसर पर प्रस्तावित है।


राष्ट्रीय एकता का संदेश नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर

विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि इन विकास कार्यों के माध्यम से सरदार पटेल के आदर्शों और राष्ट्रीय एकता व अखंडता के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही, शहर में विकसित किए जा रहे स्मृति स्थल उन्नाव की पहचान को भी मजबूती देंगे।

पत्रकार वार्ता के दौरान विकास संस्थान के प्रबंधक अशोक पटेल, महिला जिला अध्यक्ष निम्मी अरोड़ा, संयोजक राम सुमेर सिंह, सभासद अशोक सिंह (मुन्ना), उपाध्यक्ष डॉ. राजेश सिंह, कार्यक्रम प्रभारी सुखसागर, अनिल पटेल, संरक्षक रश्मि मोहन अग्निहोत्री, सांस्कृतिक संयोजक डॉ. मनीष सिंह सेंगर और शैमी वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

 


पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *