आज की ताजा खबर

धान की फसल बर्बाद, मुआवजा नहीं मिला तो हाईटेंशन पोल पर चढ़ा युवक

top-news

नगला पहाड़ी गांव में मचा हड़कंप, तहसीलदार और थानाध्यक्ष ने समझाकर नीचे उतारा

रोहित अवस्थी 

ऐरवाकटरा, औरैया। धान की फसल बर्बाद होने और मुआवजा न मिलने से नाराज एक युवक बुधवार को हाईटेंशन बिजली लाइन के पोल पर चढ़ गया। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे तहसीलदार बिधूना और थानाध्यक्ष ने युवक को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा। अधिकारियों ने उसे उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।

थाना ऐरवाकटरा क्षेत्र के नगला पहाड़ी गांव निवासी सुमित चौहान (22) पुत्र इंद्रपाल सिंह का कहना है कि बरसात के कारण उसकी धान की फसल नष्ट हो गई है। गांव का नाला अवरुद्ध होने से जलनिकासी की समस्या बनी हुई है। उसका आरोप है कि नाले की सफाई नहीं कराए जाने के कारण खेतों में पानी भर गया, जिससे फसल बर्बाद हो गई। इसके बावजूद उसे अभी तक मुआवजा नहीं मिला है।

इसी से नाराज होकर बुधवार को वह हाईटेंशन बिजली लाइन के पोल पर चढ़ गया। जानकारी मिलते ही तहसीलदार बिधूना और थानाध्यक्ष गंगादास गौतम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने युवक को समझाया और उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि युवक को समझाकर नीचे उतार लिया गया है। तहसीलदार ने उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *