आज की ताजा खबर

करवाचौथ की छुट्टी मांगने पर भिड़े चेयरमैन और चौकीदार! दोनों पक्षों ने लगाए मारपीट के आरोप

top-news

बिल्हौर नगर पालिका में हंगामे से मचा हड़कंप, चौकीदार ने आस्था को ठेस पहुंचाने का लगाया आरोप; चेयरमैन ने लगाया हमला कर सोने की चेन तोड़ने का आरोप

अमित कुमार 

बिल्हौर, कानपुर नगर। नगर पालिका परिषद बिल्हौर में गुरुवार को छुट्टी मांगने के विवाद ने तूल पकड़ लिया। नगर पालिका अध्यक्ष मो. इखलाक और चौकीदार संजय कुमार चौहान ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों पक्षों ने थाना बिल्हौर में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद नगर पालिका में विवाद चर्चा का विषय बना हुआ है।

चौकीदार बोला- करवाचौथ की छुट्टी मांगने पर पीटा

चौकीदार संजय कुमार चौहान निवासी पंत नगर, बिल्हौर ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि 29 अक्टूबर को उसने करवाचौथ त्योहार के लिए छुट्टी मांगी थी। आरोप है कि इससे नाराज होकर नगर पालिका अध्यक्ष मो. इखलाक ने अपने साथियों को बुला लिया और उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। संजय का कहना है कि त्योहार और धार्मिक आस्था का हवाला देकर विरोध करने पर उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई, जिससे उसे चोटें आईं। शोर सुनकर पहुंचे लोगों ने उसे बचाया। चौकीदार ने जान से मारने और नौकरी से निकलवाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। उसने मेडिकल परीक्षण कराकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

चेयरमैन का पलटवार- घेरकर किया हमला, चेन तोड़ने का आरोप

वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष मो. इखलाक ने अपने प्रार्थना पत्र में घटना का दूसरा पक्ष रखा है। उनका आरोप है कि गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे वह बाइक से नगर पालिका कार्यालय पहुंचे थे। बाइक अलीम बेग चला रहा था। इसी दौरान चौकीदार संजय कुमार चौहान और उसके तीन-चार अज्ञात साथियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए डंडों से हमला कर दिया। अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि हमले के दौरान उनके गले से सोने की चेन तोड़ ली गई। उनके मुताबिक, आरोपितों में एक व्यक्ति के पास अवैध असलहा भी था। उन्होंने जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

 

पुलिस चौकीदार को थाने ले गई, दोनों पक्ष आमने-सामने

चेयरमैन के मुताबिक, नगर पालिका कर्मचारियों की मदद से चौकीदार को मौके पर पकड़ लिया गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई। अध्यक्ष ने चौकीदार के भाई पर भी गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। दूसरी ओर, चौकीदार ने भी अपनी चोटों का मेडिकल परीक्षण कराकर कार्रवाई की मांग की है।

एक ही घटना को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग आरोपों से मामला उलझ गया है। अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट होगा कि विवाद की शुरुआत कैसे हुई और लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है। फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है मामले की जांच की जा रही है जांच पूरी होने पर कार्रवाई की जाएगी।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *