आज की ताजा खबर

देवपाली गुप्ता की अंतिम विदाई में उमड़ा जनसैलाब, हजारों नम आंखों ने दी अंतिम विदाई

top-news

जन सुराज के डिजिटल कम्युनिकेशन हेड की मौत से पैतृक गांव गोड़रिया में मातम, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; सीबीआई जांच की उठी मांग

मोहम्मद नईम

कुशीनगर। जन सुराज पार्टी के डिजिटल कम्युनिकेशन हेड देवपाली गुप्ता की असामयिक मौत से उनका पैतृक गांव दुदही अंतर्गत गोड़रिया ही नहीं, बल्कि पूरा क्षेत्र शोक में डूबा हुआ है। मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के धनी देवपाली के निधन की खबर ने परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस युवा को लोग हमेशा हंसते-मुस्कुराते देखते थे, उसकी अंतिम विदाई के दौरान हर आंख नम और हर चेहरा गमगीन नजर आया।

गुरुवार, 29 अक्टूबर की सुबह करीब पांच बजे रांची से देवपाली का पार्थिव शरीर पैतृक गांव गोड़रिया पहुंचा तो पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल पूरी तरह शोकाकुल हो गया। सुबह छह बजे मलाही घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। बड़े भाई एवं पत्रकार तारकेश्वर गुप्ता ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की।

अंतिम दर्शन और विदाई के लिए हजारों की संख्या में लोग मलाही घाट पहुंचे। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक अजय कुमार लल्लू, विधायक मनीष जायसवाल, इलियास अंसारी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय लोगों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। जनसैलाब के बीच नम आंखों से लोगों ने अपने चहेते देवपाली को अंतिम विदाई दी।

हत्या की आशंका, सीबीआई जांच की मांग

देवपाली की मौत को लेकर परिजनों और क्षेत्र के कई प्रबुद्ध लोगों ने गंभीर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराने की मांग की। वहीं, जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने मामले की जांच कराए जाने की बात कही। उन्होंने देवपाली के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

देवपाली की अंतिम विदाई में उमड़ा जनसैलाब उनकी लोकप्रियता और लोगों के बीच उनके आत्मीय संबंधों की गवाही दे रहा था। उनके असमय निधन से परिवार ने अपना लाडला सदस्य, गांव ने अपना होनहार बेटा और राजनीतिक जगत ने एक ऊर्जावान युवा साथी खो दिया। पीछे रह गई हैं उनकी यादें और परिवार के जीवन में कभी न भर पाने वाली एक गहरी कमी।

 


पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *