आज की ताजा खबर

घटिया निर्माण पर नहीं मिलेगी जल जीवन मिशन की परियोजनाओं को हरी झंडी, गुणवत्ता पर डीएम सख्त

top-news

डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने दो टूक कहा- मानकों पर खरी उतरने के बाद ही होगा परियोजनाओं का हस्तांतरण, 150 योजनाओं का निर्माण पूरा 

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

फर्रुखाबाद l  जल जीवन मिशन के तहत गांवों में पाइपलाइन बिछाकर पानी की टंकियां खड़ी कर देना ही जिम्मेदारी की इतिश्री नहीं होगी। ग्रामीणों को वास्तव में शुद्ध और नियमित पेयजल मिल रहा है या नहीं, इसकी भी जवाबदेही तय होगी। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने योजना की समीक्षा के दौरान गुणवत्ता को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में कमी अथवा गुणवत्ता से समझौता मिलने पर संबंधित परियोजना का हस्तांतरण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं की जनपद स्तरीय अधिकारियों से स्थलीय जांच कराने के निर्देश दिए।


कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन के फेज-2 एवं फेज-3 की प्रगति परखी। उन्होंने निर्देश दिए कि सत्यापन के दौरान पाइपलाइन की गुणवत्ता, ओवरहेड टैंक, पंप हाउस और अन्य निर्माण कार्यों की तकनीकी जांच के साथ गांवों में पेयजल आपूर्ति की वास्तविक स्थिति भी देखी जाए। कहीं लीकेज अथवा तकनीकी खामी मिले तो तत्काल दुरुस्त कराया जाए।

जिलाधिकारी का यह रुख कार्यदायी संस्थाओं के लिए स्पष्ट संदेश है कि सरकारी धन से तैयार योजनाओं में केवल कागजी पूर्णता नहीं, बल्कि धरातल पर गुणवत्ता और उपयोगिता भी अनिवार्य होगी। उन्होंने शेष निर्माण कार्यों को समयसीमा में पूरा कराने और नियमित निगरानी के निर्देश दिए।

अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) एमक्यू हाशमी ने बताया कि जनपद में 378 परियोजनाओं के माध्यम से 718 राजस्व गांवों को नल से पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। फेज-2 में मैसर्स जीवीपीआर और फेज-3 में मैसर्स वीटीएल गजा को कार्यदायी संस्था बनाया गया है। अब तक 150 परियोजनाओं का निर्माण पूरा हो चुका है।

डीएम ने कहा कि योजना का लाभ प्रत्येक लक्षित गांव तक पहुंचना चाहिए। परियोजनाओं के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी भी प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को लंबे समय तक निर्बाध पेयजल मिलता रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *