आज की ताजा खबर

इटावा में डेंगू जांच रिपोर्ट पर सवाल, स्वास्थ्य विभाग और निजी पैथोलॉजी की रिपोर्ट में अंतर से असमंजस

top-news

14 वर्षीय किशोर की सरकारी जांच में डेंगू की पुष्टि नहीं, निजी पैथोलॉजी ने बताया पॉजिटिव

इंधौआ गांव में 100 से अधिक लोग बीमार, सीएमओ ने जांच और कार्रवाई का दिया भरोसा

विनीत कुमार

इटावा। इटावा के इंधौआ गांव में डेंगू और वायरल फीवर के बढ़ते मामलों के बीच जांच रिपोर्ट को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। एक 14 वर्षीय किशोर की स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि नहीं हुई, जबकि शहर की सृष्टि पैथोलॉजी की रिपोर्ट में उसे डेंगू पॉजिटिव बताया गया है। दोनों रिपोर्ट अलग-अलग आने से किशोर के परिजन असमंजस में हैं।

गांव में 100 से अधिक लोगों के बीमार होने की जानकारी सामने आई है। स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और नगर पंचायत की टीमें लगातार क्षेत्र में काम कर रही हैं। स्वास्थ्यकर्मियों की ओर से मरीजों की स्थिति पर नजर रखने के साथ जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।


निजी पैथोलॉजी की रिपोर्ट पर उठे सवाल

एक ही किशोर की जांच में सरकारी और निजी पैथोलॉजी की रिपोर्ट अलग-अलग आने के बाद जांच की विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। परिजनों के सामने भी यह असमंजस है कि किस रिपोर्ट को सही माना जाए। मामले ने निजी जांच केंद्रों की कार्यप्रणाली और जांच की गुणवत्ता पर भी ध्यान खींचा है।

सीएमओ ने जांच के बाद कार्रवाई की कही बात

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गलत जांच रिपोर्ट देने वाली पैथोलॉजी और अवैध रूप से क्लीनिक संचालित करने वालों की जांच कराने की बात कही है। उन्होंने जांच में अनियमितता मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया है।

फिलहाल इंधौआ गांव में स्वास्थ्य विभाग और नगर पंचायत की टीमें सक्रिय हैं। गांव में बीमारी के प्रसार को रोकने और मरीजों को राहत पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *