आज की ताजा खबर

दोपहर दो बजे के बाद रोडवेज बसों का टोटा, डग्गामार वाहनों के सहारे यात्री

top-news

बिधूना बस स्टैंड पर बसों के न रुकने से बढ़ी परेशानी, कानपुर जाने के लिए निजी वाहनों का लेना पड़ रहा सहारा

सनी तिवारी

बिधूना, औरैया। कस्बे के किशनी रोड स्थित तहसील के पीछे बने रोडवेज बस स्टैंड से आजाद नगर डिपो और विकास नगर डिपो की बसों का संचालन हो रहा है, लेकिन दोपहर दो बजे के बाद यात्रियों को रोडवेज बसों की सुविधा नहीं मिल पा रही है। बिधूना-कानपुर मार्ग पर चलने वाली बसों के बस स्टैंड पर नहीं रुकने से स्थानीय लोगों को निजी बसों और डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे दैनिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ महीनों से रोडवेज बसें बस स्टैंड पर आकर रुकती थीं, लेकिन अब बसों ने यहां आना बंद कर दिया है। खासकर दोपहर दो बजे के बाद कानपुर जाने वाले यात्रियों को बसों के लिए भटकना पड़ता है। मजबूरी में उन्हें निजी और डग्गामार वाहनों से रसूलाबाद, शिवली और कानपुर की यात्रा करनी पड़ रही है।


नगर निवासी शीलू यादव ने बताया कि किसी जरूरी काम से दोपहर बाद कानपुर जाना हो तो रोडवेज बस नहीं मिलती। ऐसे में निजी या डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ता है।

जितेंद्र उर्फ शीतू सेंगर का कहना है कि दोपहर बाद रोडवेज बस से कानपुर जाने की सुविधा नहीं मिलती, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती है।

वहीं, समाजसेवी विशाल चौहान ने बताया कि बिधूना से कानपुर जाने के लिए बसें तो पर्याप्त हैं, लेकिन उनका संचालन दोपहर दो बजे तक ही सीमित रह जाता है। इसके बाद बसें नहीं मिलने से नगर के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय लोगों ने जिले के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि दोपहर बाद भी रोडवेज बसों का नियमित संचालन सुनिश्चित कराया जाए और बसों को निर्धारित बस स्टैंड पर रोका जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिल सके।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *