आज की ताजा खबर

चारा काटने की मशीन में आया युवक का हाथ, हथेली और उंगलियां कटीं, हादसे के बाद हायर सेंटर रेफर, पिता ने जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का लगाया आरोप

top-news

रोहित अवस्थी 

अजीतमल, औरैया। कोतवाली क्षेत्र के चिटकापुर गांव में शनिवार सुबह चारा काटने वाली मशीन की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसकी हथेली और उंगलियां कट गईं। घायल को पुलिस सीएचसी अजीतमल लेकर पहुंची, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, घायल के पिता ने संबंधित पक्ष पर घटना से इनकार करने, जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।


चिटकापुर गांव निवासी बलराम सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा दीपचंद्र कुछ मंदबुद्धि है। वह गांव के एक व्यक्ति के यहां जानवरों का चारा काटने और गोबर थापने का काम करता है। शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे काम करते समय उसका हाथ चारा काटने वाली मशीन में आ गया। इससे उसकी हथेली और उंगलियां कट गईं।

बलराम सिंह के अनुसार, हादसे के बाद घायल दीपचंद्र किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। आरोप है कि संबंधित पक्ष ने हादसे से इनकार कर दिया और कटी हुई उंगलियों व हथेली के हिस्से को भी छिपा दिया। परिजनों ने मशीन के पास खून मिलने की बात कहते हुए घटना होने का दावा किया है।

घायल के पिता ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने मामले में कानूनी कार्रवाई करने की बात कही तो संबंधित पक्ष ने उनके साथ जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत कर मामले में कार्रवाई की मांग की।

अजीतमल कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अपराध रामचंद्र वर्मा ने बताया कि घायल युवक के परिजन उसे सीएचसी अजीतमल लेकर आए थे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *