आज की ताजा खबर

सीसीटीवी फुटेज और एफआईआर में देरी बनी अग्रिम जमानत का आधार, रामकिशोर को राहत

top-news

पारिवारिक विवाद के कारण झूठा फंसाए जाने की आशंका से हाईकोर्ट ने किया इनकार नहीं

मेडिकल रिपोर्ट और साक्ष्यों पर भी किया विचार

 पवन द्विवेदी

प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कन्नौज जिले के छिबरामऊ थाने में दर्ज रंगदारी और मारपीट के मामले में आरोपी रामकिशोर को अग्रिम जमानत दे दी है। यह आदेश न्यायमूर्ति राजीव लोचन शुक्ला ने याचिकाकर्ता के अधिवक्ता को सुनकर दिया। कोर्ट ने 27 अक्टूबर 2026 को पारित आदेश में एफआईआर दर्ज कराने में पांच दिन की देरी और सीसीटीवी फुटेज में कथित घटना के समय छह व्यक्तियों की मौजूदगी प्रदर्शित नहीं होने सहित अन्य तथ्यों पर विचार किया। अदालत ने कहा कि प्रथम दृष्टया पारिवारिक विवाद के कारण आरोपी को झूठा फंसाए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

मामला छिबरामऊ थाने में दर्ज अपराध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2), 308(4), 333, 109, 191(2), 115(2), 352 और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। अभियोजन पक्ष के अनुसार, घायल महिला से कथित तौर पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और मारपीट करने के आरोप लगाए गए थे।

आरोपी की ओर से अधिवक्ता दीपक जोशी ने अदालत में दलील दी कि रामकिशोर को पारिवारिक रंजिश के कारण मामले में फंसाया गया है। घायल महिला आरोपी की सगी मामी हैं। बचाव पक्ष के अनुसार, आरोपी अपने बुजुर्ग मामा की देखभाल करता रहा है और बचपन में उनके घर रहकर पढ़ाई भी की थी। मामा की देखभाल को लेकर परिवार में विवाद होने का दावा किया गया।बचाव पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि मामा की बेटी और जिला पंचायत सदस्य प्रिया शाक्य से आरोपी की रंजिश है, जिसके चलते मुकदमा दर्ज कराया गया। अधिवक्ता ने एफआईआर दर्ज कराने में पांच दिन की देरी, आरोपी की कथित भूमिका स्पष्ट नहीं होने और चिकित्सकीय रिपोर्ट में दर्ज चोटों का हवाला देते हुए अभियोजन के आरोपों पर सवाल उठाए।

हाईकोर्ट ने आदेश में उल्लेख किया कि विवेचक ने मामले से संबंधित सीसीटीवी फुटेज एकत्र किया था। फुटेज के अनुसार, संबंधित तारीख और समय पर आरोपी अपनी नाबालिग बेटी और दो अन्य महिलाओं के साथ वहां पहुंचा था। अदालत ने एफआईआर में देरी तथा फुटेज में छह व्यक्तियों की मौजूदगी प्रदर्शित नहीं होने के तथ्यों को अग्रिम जमानत पर विचार के दौरान महत्वपूर्ण माना।

वही राज्य सरकार की और से अधिवक्ता ने अग्रिम जमानत का विरोध किया। उनकी ओर से आरोपी को मुख्य अभियुक्त बताते हुए घायल महिला को आई चोटों और कथित रंगदारी की मांग का उल्लेख किया गया।हाईकोर्ट ने रामकिशोर की अग्रिम जमानत अर्जी स्वीकार करते हुए निर्देश दिया कि गिरफ्तारी की स्थिति में उसे संबंधित मामले में जमानत पर रिहा किया जाए। इसके लिए उसे व्यक्तिगत मुचलका और समान राशि के जमानतदार प्रस्तुत करने होंगे।

अदालत ने आरोपी को पुलिस पूछताछ के लिए उपलब्ध रहने, गवाहों को प्रभावित या धमकाने से दूर रहने और पूर्व अनुमति के बिना देश नहीं छोड़ने की शर्तें भी लगाईं। शर्तों का उल्लंघन होने पर संबंधित अदालत जमानत निरस्त कर सकती है। हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि आदेश में की गई टिप्पणियां केवल अग्रिम जमानत अर्जी के निस्तारण के लिए हैं। इन्हें मुकदमे के गुण-दोष पर अंतिम राय नहीं माना जाएगा।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *