आज की ताजा खबर

दवा लेने जा रहे परिवार की बाइक में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, बेटी की मौत

top-news

हादसे में पिता-मां भी गंभीर रूप से घायल, मां को कानपुर रेफर किया गया

रोहित अवस्थी 

अजीतमल, औरैया। भीखेपुर दवा लेने जा रहे बाइक सवार परिवार को गांव से कुछ दूरी पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पिता, मां और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जिला अस्पताल चिचौली में उपचार के दौरान बेटी की मौत हो गई। वहीं, गंभीर हालत में मां को कानपुर रेफर कर दिया गया, जबकि पिता का भी उपचार चल रहा है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ऐमा पैगंबरपुर निवासी सुनील तिवारी (48) शनिवार को अपनी पत्नी नीलम तिवारी (45) और बेटी सलोनी तिवारी (20) के साथ बाइक से भीखेपुर दवा लेने जा रहे थे। गांव से निकलकर जैसे ही वे भीखेपुर-बिरूहूनी मार्ग पर पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंची 108 एंबुलेंस से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल चिचौली रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान सलोनी तिवारी ने दम तोड़ दिया। वहीं, नीलम तिवारी की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें कानपुर रेफर कर दिया। सुनील तिवारी का भी उपचार किया जा रहा है।

अजीतमल कोतवाली के क्राइम इंस्पेक्टर रामचंद्र वर्मा ने बताया कि औरैया जिला अस्पताल से सलोनी की मृत्यु की सूचना मेमो के माध्यम से प्राप्त हुई है। पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए चौकी इंचार्ज राम बालक वर्मा को औरैया भेजा गया है। उन्होंने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *