आज की ताजा खबर

माघ मेले से पहले पांचालघाट पुल की मरम्मत की चुनौती, जर्जर सेतु से हादसे का खतरा

top-news

लाखों रुपये खर्च होने के बाद भी नहीं सुधरी हालत, गाटरों के जोड़ एक माह में उखड़े; मेले में उमड़ेंगे श्रद्धालु और कल्पवासी, भारी वाहनों के दबाव से बढ़ सकती है मुश्किल

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

फर्रुखाबाद । पांचालघाट गंगा सेतु की जर्जर हालत अब आवागमन के साथ जनसुरक्षा के लिए भी चिंता का विषय बन गई है। मरम्मत के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद पुल की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। कहीं गाटरों के जोड़ खुल गए हैं तो कहीं सड़क की कंक्रीट उखड़ने से बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बार-बार मरम्मत के बाद भी समस्या बरकरार है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर सरकारी धन खर्च होने के बावजूद सेतु को सुरक्षित और मजबूत क्यों नहीं बनाया जा सका?

करीब एक वर्ष पहले पुल की जर्जर हालत सुधारने के लिए क्षतिग्रस्त गाटर बदले गए थे। उम्मीद थी कि इससे सेतु को मजबूती मिलेगी, लेकिन बदले गए गाटरों के जोड़ एक माह भी नहीं टिक सके और जगह-जगह से खुलने लगे। इसके बाद लगातार मरम्मत कर गड्ढे भरने का प्रयास किया गया, लेकिन कुछ समय बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो गई। पुल के कई हिस्सों में कंक्रीट और सीमेंट की परत उखड़ चुकी है। मरम्मत कार्य की गुणवत्ता और स्थायित्व को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

सेतु पर दिन-रात भारी वाहनों समेत हजारों वाहनों का आवागमन रहता है। जर्जर हिस्सों के कारण आए दिन वाहन फंस जाते हैं और दोनों ओर किलोमीटरों लंबा जाम लग जाता है। राहगीरों को घंटों परेशान होना पड़ता है। लगातार भारी वाहनों का दबाव बना रहने के कारण क्षतिग्रस्त हिस्सों की तकनीकी जांच और समय रहते स्थायी मरम्मत जरूरी हो गई है। यदि कमजोर हिस्सों की अनदेखी जारी रही तो कोई बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता। आखिर इस खतरे की जिम्मेदारी कौन लेगा?


माघ मेले में बढ़ेगा यातायात का दबाव

करीब दो महीने बाद पांचालघाट गंगा तट पर प्रतिवर्ष की तरह विशाल माघ मेले का आयोजन शुरू होगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्नानार्थी और कल्पवासी पहुंचेंगे। मेले के समय पांचालघाट सेतु पर वाहनों की आवाजाही सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ जाती है। ऐसे में यदि पुल की हालत नहीं सुधरी तो श्रद्धालुओं और कल्पवासियों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ सकती है। जर्जर पुल और बढ़ते यातायात के कारण जाम की समस्या भी गंभीर रूप ले सकती है।

अब सवाल है कि क्या जिला प्रशासन माघ मेले से पहले सेतु की मरम्मत को प्राथमिकता देगा? क्या संबंधित विभाग से अब तक कराए गए कार्यों की गुणवत्ता और खर्च का हिसाब लिया जाएगा? जिला प्रशासन को चाहिए कि विशेषज्ञों से सेतु का तकनीकी परीक्षण कराकर क्षतिग्रस्त हिस्सों की मजबूत और टिकाऊ मरम्मत सुनिश्चित करे। साथ ही मेले के दौरान यातायात व्यवस्था के लिए पहले से कार्ययोजना तैयार की जाए। आखिर किसी बड़े हादसे या मेले में अव्यवस्था के बाद कार्रवाई करने के बजाय समय रहते ठोस कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं?

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *