आज की ताजा खबर

तूफान से पपीते की खेती को भारी नुकसान, सर्वे में शामिल न किए जाने पर किसानों में नाराजगी

top-news

तरेम और बांसगांव के किसानों के सैकड़ों पौधे गिरे, करीब 10 लाख रुपये के नुकसान का दावा

किसानों ने नकदी और फलदार फसलों का भी सर्वे कराकर मुआवजा देने की उठाई मांग

लालमणि गोंड

आलापुर (अंबेडकरनगर)। प्राकृतिक आपदा से धान, गेहूं और गन्ने जैसी फसलों को नुकसान पहुंचने पर किसानों को मुआवजा दिए जाने की व्यवस्था है, लेकिन पपीता, अमरूद, आम और आंवला जैसी फलदार व नकदी फसलों की खेती करने वाले किसानों को राहत नहीं मिल पा रही है। हाल ही में आए तूफान और तेज हवाओं से क्षेत्र में पपीते की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। किसानों का आरोप है कि प्रशासन की ओर से कराए जा रहे फसल नुकसान के सर्वे में पपीते की खेती को शामिल नहीं किया जा रहा है। इससे प्रभावित किसानों में नाराजगी है।

ग्राम तरेम निवासी संतोष कुमार सिंह प्राकृतिक खेती संस्थान के नोडल पर्सन हैं। उनके यहां करीब दो एकड़ में पोषण वाटिका विकसित की गई है। इसमें आम की देशी, कलमी और विदेशी किस्मों के अलावा अमरूद, लीची, मुसम्मी, नींबू, जामुन, सहजन, कटहल, बेर, नाशपाती, लोगन, आलूबुखारा, ड्रैगन फ्रूट, अंजीर, जामरूद, संतरा, माल्टा, करौंदा, मीठा करौंदा, इमली, मीठी इमली, बेल, चेरी, आंवला और सेब सहित कई प्रकार के फलदार पौधे तैयार किए गए हैं। यहां अमरूद की दस किस्मों के मदर प्लांट भी लगाए गए हैं।


तूफान में जमीन पर गिरे पपीते के पौधे, फल पकने से पहले हुए नष्ट

संतोष कुमार सिंह के मुताबिक, पोषण वाटिका में सहफसली खेती के रूप में पपीते के करीब 500 पौधे लगाए गए थे। तूफान और तेज हवाओं के कारण फल से लदे पौधे जमीन पर गिर गए। इससे पपीते की फसल पकने से पहले ही खराब हो गई।

इसी तरह बांसगांव के सुदामा नगर निवासी किसान शैलेन्द्र सिंह ने अपने खेत में करीब एक हजार पपीते के पौधे लगाए थे। उनका कहना है कि अक्टूबर में कई बार आई आंधी और बारिश के कारण पौधे गिर गए। जमीन पर गिरने के बाद पपीते में सड़न शुरू हो गई है। किसानों के अनुसार, दोनों की खेती को मिलाकर करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

नकदी फसलों को भी सर्वे में शामिल करने की मांग

प्रभावित किसानों का कहना है कि वे अपनी आमदनी बढ़ाने के लिए पारंपरिक फसलों के साथ फलदार और नकदी फसलों की खेती भी कर रहे हैं। ऐसी फसलों को तैयार करने में समय, मेहनत और पूंजी लगती है। प्राकृतिक आपदा से नुकसान होने के बावजूद यदि इन्हें सर्वे में शामिल नहीं किया जाएगा तो किसानों को आर्थिक सहायता से वंचित रहना पड़ सकता है।

भारतीय जनता पार्टी के सह शोध प्रमुख संतोष कुमार सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि पपीता सहित अन्य फलदार और नकदी फसलों को भी नुकसान के सर्वे में शामिल किया जाए। उन्होंने प्रभावित किसानों की फसलों का वास्तविक आकलन कराकर नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *