आज की ताजा खबर

दवाइयों की आड़ में शराब तस्करी का भंडाफोड़, छह लाख की शराब बरामद

top-news

डाक पार्सल लिखे लोडर से बिहार ले जाई जा रही थी चंडीगढ़ निर्मित शराब, स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई में कन्नौज का तस्कर गिरफ्तार

रोहित अवस्थी

औरैया। त्योहारों के मद्देनजर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान अजीतमल थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने अवैध शराब तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक अंतरराज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी डाक पार्सल लिखे लोडर में दवाइयों की आड़ में चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब की तस्करी कर रहा था। पुलिस ने लोडर से 80 पेटी अवैध शराब, 83 पैकेज दवाइयां और उनसे संबंधित चालान, रसीद व बिल बरामद किए हैं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत छह लाख रुपये और लोडर की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।


पुलिस के अनुसार, धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर जिले में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में अजीतमल थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम अनंतराम टोल प्लाजा पर चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि डाक पार्सल लिखे एक लोडर में दवाइयों की आड़ में अवैध शराब ले जाई जा रही है।

सूचना पर संयुक्त पुलिस टीम ने एनएच-19 पर इटावा से औरैया मार्ग स्थित अजीतमल कस्बे में भट्टा रोड के पास सर्विस रोड पर संदिग्ध लोडर को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसमें से चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब की 80 पेटियां और 83 पैकेज दवाइयां बरामद हुईं। इसके बाद पुलिस ने लोडर चालक को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामकुमार पुत्र प्रेमचंद्र, निवासी महादेव पूर्वा, थाना इंदरगढ़, जिला कन्नौज, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पकड़े जाने से बचने के लिए डाक पार्सल लिखे लोडर में दवाइयों की आड़ लेकर शराब की तस्करी करता था। वह चंडीगढ़ से सस्ते दामों पर शराब खरीदकर बिहार में महंगे दामों पर बेचता था और मुनाफा कमाता था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अजीतमल थाने में मुकदमा संख्या 429/26 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60, 63 और 72 में अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बिहार के मोतिहारी और मुजफ्फरपुर जिलों में दो बार जेल जाने की बात भी बताई है। उसके आपराधिक इतिहास और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जांच की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में अजीतमल थाना प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर वर्मा, स्वाट/सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक समित चौधरी, उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह और ऊंचा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राम बालक सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *