आज की ताजा खबर

कानपुर के गंभीरपुर में प्रेम प्रसंग के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, महिला और सास हिरासत में

top-news

देर रात महिला के बुलाने पर उसके घर पहुंचा था 28 वर्षीय अतुल, परिजनों ने लगाया लाठी-डंडों से पीटने का आरोप

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, शव लेकर थाने पहुंचे परिजन; पुलिस जांच में जुटी

के. पी बालाजी अवस्थी

नरवल। साढ़ थाना क्षेत्र के गंभीरपुर गांव में देर रात एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला के बुलावे पर उसके घर पहुंचे युवक को महिला के परिजनों ने लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आक्रोशित परिजन शव लेकर साढ़ थाने पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मृतक की पहचान गंभीरपुर गांव निवासी विजय प्रकाश उर्फ पप्पू तिवारी के 28 वर्षीय बेटे अतुल उर्फ गोपाल के रूप में हुई है। वह बारीगांव स्थित एक पेट्रोल पंप पर नौकरी करता था और ऑटो भी चलाता था।


रात करीब दो बजे महिला से मिलने पहुंचा था युवक

परिजनों के मुताबिक, शनिवार देर रात अतुल ऑटो लेकर घर लौटा था और घर के बाहर सो गया था। आरोप है कि इसी दौरान विकास अवस्थी की पत्नी सुमन ने फोन कर उसे अपने घर मिलने के लिए बुलाया। महिला के बुलावे पर अतुल रात करीब दो बजे उसके घर पहुंचा। इसी बीच विकास और घर के अन्य लोग जाग गए। अतुल को घर में देखकर वे नाराज हो गए और लाठी-डंडों से उसकी पिटाई शुरू कर दी।

परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने अतुल को तब तक पीटा, जब तक वह गंभीर रूप से घायल होकर मरणासन्न हालत में नहीं पहुंच गया। इसके बाद विकास के पिता कल्लू अतुल के घर पहुंचे और उसके परिजनों को विकास के घर में पड़े होने की जानकारी दी।


अस्पताल में तोड़ा दम, शव लेकर थाने पहुंचे परिजन

सूचना मिलने पर अतुल के परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने गंभीर रूप से घायल अतुल को तत्काल नौबस्ता स्थित एक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

इसके बाद परिजन अतुल का शव लेकर साढ़ थाने पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस हिरासत में महिला और उसकी सास

थाना प्रभारी केके मिश्रा के मुताबिक, मामले में सुमन और उसकी सास बबली पुलिस की हिरासत में हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *