आज की ताजा खबर

हर घर जल योजना की खोदाई ने गांवों की सड़कों को किया बेहाल, पानी का इंतजार और गड्ढों से जूझ रहे ग्रामीण

top-news

पाइप लाइन बिछाकर सड़कें बनाना भूलीं कार्यदायी एजेंसियां, मरम्मत के सरकारी दावों की खुली पोल

कुबेरपुर कुड़रा में चार से पांच फुट गहरे गड्ढे बने हादसों का खतरा, प्रधान बोले- अपनी निधि से भरवाए गड्ढे, फिर भी नहीं सुधरे रास्ते

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

 फर्रुखाबाद l घर-घर नल से जल पहुंचाने की महत्वाकांक्षी योजना गांवों में विकास की नई तस्वीर दिखाने के बजाय कई जगह बदहाली की वजह बनती नजर आ रही है। पानी की टंकियां और पाइप लाइन बिछाने के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन काम पूरा होने के बाद सड़कों को उनकी पुरानी स्थिति में बहाल कराने की जिम्मेदारी मानो कार्यदायी एजेंसियां भूल गईं। कहीं टंकियां बनने के बावजूद जलापूर्ति का इंतजार है तो कहीं पाइप लाइन के लिए खोदी गई सड़कें ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा रही हैं।

केंद्र और प्रदेश सरकार की हर घर जल योजना के तहत गांव-गांव पानी पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित है। इसके लिए कार्यदायी एजेंसियों को निर्माण और पाइप लाइन बिछाने का काम सौंपा गया, लेकिन जनपद में कई स्थानों पर कार्य की गुणवत्ता और प्रगति सवालों के घेरे में है। पाइप लाइन डालने के बाद सड़कों की मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों को रोजाना जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है।


कागजों में मरम्मत पूरी, गांवों में उखड़ी पड़ी सड़कें

जल निगम की ओर से समाचार पत्रों में सड़कों की मरम्मत कराए जाने का दावा किया गया था। जिन स्थानों पर काम बाकी था, वहां ग्रामीणों से टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराने की अपील भी की गई। लेकिन विकास खंड राजेपुर के गांव कुबेरपुर कुड़रा में लोक भारती की टीम ने जब जमीनी हकीकत देखी तो दावों और स्थिति के बीच बड़ा अंतर नजर आया। गांव की कई सड़कें आज भी उखड़ी पड़ी हैं। जगह-जगह चार से पांच फुट तक गहरे गड्ढे रास्तों के बीच मुसीबत बने हुए हैं।

प्रधान ने अपनी निधि से भरवाए गड्ढे, फिर भी राहत नहीं

ग्राम प्रधान छोटेलाल शर्मा ने बताया कि पाइप लाइन बिछाने के नाम पर पूरी ग्राम पंचायत की सड़कें खोदकर छोड़ दी गईं। कार्यदायी एजेंसी ने काम पूरा होने के बाद सड़कों की मरम्मत नहीं कराई। कई स्थानों पर उन्होंने अपनी निधि से गड्ढे भरवाकर रास्ते दुरुस्त कराने का प्रयास किया, इसके बावजूद अधिकांश सड़कें बदहाल हैं। आएदिन बाइक सवार फिसलकर गिरते हैं। गहरे गड्ढों में बच्चों के गिरने और चोटिल होने का खतरा भी बना रहता है।

जवाबदेही तय होगी या कागजी दावों से चलेगा काम?

कुबेरपुर कुड़रा की स्थिति ने सड़क मरम्मत के दावों की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि मरम्मत पूरी हो चुकी है तो गांव की सड़कें इस हालत में क्यों हैं? जिम्मेदार अधिकारी स्थलीय जांच कर यह स्पष्ट करें कि कार्यदायी एजेंसियों ने सड़कें बहाल कराईं या सिर्फ अभिलेखों में काम पूरा दिखा दिया। ग्रामीणों को योजना के नाम पर खोदी गई सड़कों की कीमत आखिर कब तक चुकानी पड़ेगी?

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *