आज की ताजा खबर

कानपुर के मछरिया में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 300 से अधिक मरीजों को मिला उपचार

top-news

विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी स्वास्थ्य संबंधी सलाह, मरीजों को मुफ्त दवाएं और CBC जांच की सुविधा

मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए 25 मरीजों का पंजीकरण

लोक भारती न्यूज ब्यूरो 

कानपुर।समाजसेवा के उद्देश्य से खिदमत-ए-हिंद फाउंडेशन और Humankind Welfare की ओर से कानपुर के मछरिया क्षेत्र में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ अपर श्रम आयुक्त कानपुर शमीम अख्तर अंसारी ने फीता काटकर किया। इस दौरान क्षेत्र के 300 से अधिक पंजीकृत मरीजों को स्वास्थ्य परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

शिविर में कानपुर के कई अनुभवी डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं दीं। मरीजों को निःशुल्क परामर्श देने के साथ जरूरत के अनुसार दवाओं का वितरण भी किया गया। डॉक्टरों की सलाह पर जिन मरीजों को रक्त जांच की आवश्यकता थी, उनकी CBC (कम्प्लीट ब्लड काउंट) जांच भी मुफ्त में कराई गई और रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराई गई।


मोतियाबिंद के मरीजों के ऑपरेशन की भी व्यवस्था

शिविर में मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों के लिए विशेष सुविधा रखी गई। कुल 25 मरीजों का निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन कराने के लिए पंजीकरण किया गया है। संस्थाओं के अनुसार इन सभी मरीजों का ऑपरेशन यशोदा नगर स्थित प्रकाश आई केयर सेंटर में कराया जाएगा।

ऑपरेशन के बाद मरीजों को सात दिनों की दवाएं और काला चश्मा भी संस्था की ओर से निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इस व्यवस्था से जरूरतमंद मरीजों को उपचार में आर्थिक सहायता मिलेगी।

दोनों संस्थाओं के सदस्यों ने निभाई जिम्मेदारी

स्वास्थ्य शिविर के आयोजन में खिदमत-ए-हिंद फाउंडेशन की ओर से लारैब अंसारी, कैफ वारसी, मोहसिन रजा, अहसान हुसैन, फैजान मंसूरी, शारिक खान, मो. सैफी और उवैस अंसारी ने योगदान दिया। वहीं Humankind Welfare की ओर से अबुल हसन, डॉ. जीशान अंसारी और एडवोकेट शाहरुख ने आयोजन में सहयोग किया।

संस्थाओं की इस पहल के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को एक ही स्थान पर परामर्श, उपचार, दवाओं और जांच की सुविधा मिली। आयोजकों ने इसे समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की दिशा में एक प्रयास बताया।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *