आज की ताजा खबर

मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में 212 लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से किया गया लाभान्वित

top-news

मोहम्मद नईम

कुशीनगर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कुशीनगर के तत्वावधान में आज दीवानी न्यायालय परिसर में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कुशीनगर संजीव कुमार त्यागी, जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार, अपर जिला जज राम अवतार यादव, नोडल अधिकारी/अपर जिला जज इफराक अहमद, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजन कुमार गोंड़ एवं मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।

इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव भुवन, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण, लगभग 38 पैरा लीगल वॉलंटियर तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे। शिविर में जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा प्रतिभाग किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, बच्चे, महिलाएं, निर्धन वर्ग, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के पात्र व्यक्तियों को शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा उन्हें योजनाओं से लाभान्वित करना रहा।


शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से कुल 212 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। इस दौरान जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र द्वारा दो लाभार्थियों को कुल सात लाख रुपये के डमी चेक प्रदान किए गए। जिला ग्राम्य विकास विभाग द्वारा 12 लाभार्थियों को 40-40 हजार रुपये की धनराशि से संबंधित प्रमाण-पत्र दिए गए। सहकारिता विभाग द्वारा तीन लाभार्थियों को क्रमशः 2.50 लाख, तीन लाख एवं 2.41 लाख रुपये के डमी चेक प्रदान किए गए। जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा पांच लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा 19 दिव्यांग लाभार्थियों को कान की मशीन, फोल्डिंग व्हीलचेयर एवं स्मार्ट केन जैसे सहायक उपकरण प्रदान किए गए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा 10 लाभार्थियों को थर्मल प्रिंटर वितरित किए गए। महिला कल्याण विभाग द्वारा छह लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित किया गया, जिनमें एक लाभार्थी को चार हजार रुपये प्रतिमाह, दो लाभार्थियों को 25-25 हजार रुपये तथा तीन लाभार्थियों को 2,500-2,500 रुपये से संबंधित प्रमाण-पत्र दिए गए।

नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (नेडा) द्वारा आठ, पशुपालन विभाग द्वारा तीन तथा पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा पांच लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। उद्यान विभाग द्वारा दो लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र तथा तीन लाभार्थियों को प्याज के बीज प्रदान किए गए। श्रम विभाग द्वारा 20 लाभार्थियों को श्रम कार्ड तथा पांच लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र दिए गए। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा 21, सेंट ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान द्वारा 32 लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कृषि विभाग द्वारा 20 लाभार्थियों को मिनी किट, स्वास्थ्य विभाग द्वारा 10 लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, लघु सिंचाई विभाग द्वारा पांच उथले नलकूपों के कार्य तथा खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा 16 लाभार्थियों को राशन कार्ड वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को भी प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरित 

शिविर में जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी के सहयोग से जनपद न्यायाधीश संजीव कुमार त्यागी, जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव द्वारा दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर एवं अन्य कृत्रिम अंग/सहायक उपकरण वितरित किए गए।

लाभार्थियों को प्रदान किए गए आयुष्मान कार्ड

 मुख्य चिकित्साधिकारी चन्द्र प्रकाश के सहयोग से जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में निःशुल्क चिकित्सीय जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें लोगों को स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

महिलाओं की गोद भराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार

 शिविर के दौरान बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा दो महिलाओं की गोद भराई तथा दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *