आज की ताजा खबर

जहांगीरगंज की सड़कों पर छुट्टा गोवंशों का जमावड़ा, हादसों का बढ़ा खतरा

top-news

गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे सहित प्रमुख मार्गों पर घूम रहे पशु, राहगीरों और वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी

स्थानीय लोगों ने गोवंशों को गो-आश्रय स्थलों में संरक्षित करने की मांग उठाई

लालमणि गोंड

आलापुर (अंबेडकरनगर)। जहांगीरगंज विकासखंड क्षेत्र की सड़कों और बाजारों में छुट्टा गोवंशों का जमावड़ा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। कई स्थानों पर गोवंश झुंड में घूमते नजर आते हैं। इससे कभी भी सड़क हादसा होने की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रमुख मार्गों पर खुलेआम घूम रहे इन पशुओं के कारण यातायात सुरक्षा प्रभावित हो रही है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं दिखाई दे रही है।

क्षेत्र के देवरिया बाजार, पदुमपुर, तेंदुआईकला ब्लॉक मुख्यालय, गढ़वल, जहांगीरगंज और गिरैया बाजार सहित कई स्थानों पर छुट्टा गोवंशों का जमावड़ा लगा रहता है। सबसे अधिक चिंता गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे जैसे प्रमुख मार्ग को लेकर जताई जा रही है। लोगों के मुताबिक, दिन के साथ रात में भी सड़क पर पशुओं की मौजूदगी वाहन चालकों के लिए खतरा बन सकती है। अंधेरे में अचानक सड़क पर आ जाने से दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।

आदेशों के बावजूद सड़कों से नहीं हट रहे गोवंश

शासन की ओर से समय-समय पर निराश्रित गोवंशों को पकड़कर गो-आश्रय स्थलों में संरक्षित करने के निर्देश दिए जाते हैं। इसका उद्देश्य सड़कों और बाजारों में पशुओं के जमावड़े को रोकना तथा आमजन और यातायात की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके बावजूद क्षेत्र के कई प्रमुख स्थानों पर छुट्टा गोवंशों की समस्या बनी हुई है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से अभियान चलाकर सड़कों पर घूम रहे गोवंशों को पकड़ने तथा उन्हें गो-आश्रय स्थलों में भेजने की मांग की है।

इस संबंध में खंड विकास अधिकारी जहांगीरगंज ने बताया कि छुट्टा गोवंशों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाता है। जिन क्षेत्रों में गोवंश खुलेआम घूम रहे हैं, वहां अभियान चलाकर उन्हें पकड़ने और गो-आश्रय स्थल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *