आज की ताजा खबर

लक्ष्मी नगर मोहल्ले में घर के ताले तोड़कर सेफ से दो लाख रुपये नकद व सोने के आभूषण ले गए चोर

top-news

घटना के समय गृहस्वामिनी इलाज कराने नोएडा गईं थीं

रोहित अवस्थी 

अजीतमल, औरैया। कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मी नगर मोहल्ले में बीती रात पुत्र की शादी की तैयारियों के बीच चोरों ने एक घर में सेंध लगाकर अंदर कमरे में रखी अलमारी के ताले तोड़कर उसमें रखे दो लाख रुपये नकद और सोने की जंजीर व दो अंगूठियां चोरी कर लीं। नकदी और जेवर की कीमत लगभग साढ़े पांच लाख रुपये बताई गई है। घटना के समय मकान मालकिन नोएडा में इलाज करा रही थीं। जबकि उनकी पुत्री छुट्टी के चलते उरई गई हुई थी। सोमवार सुबह घर पहुंचने पर चोरी का पता चला। पुलिस ने मौके से एक पर्स बरामद किया है।


लक्ष्मी नगर मोहल्ले में ब्लाक रोड पर अस्पताल के सामने स्थित घर में स्व. कैलाश बाबू पांडे की पत्नी कमोदनी पांडे अपनी शादीशुदा पुत्री पूनम पांडे के साथ रहती हैं। पूनम बेसिक शिक्षा विभाग में अध्यापक हैं। इन दिनों कमोदनी पांडे अपनी छोटी पुत्री अंजू पांडे के पास नोएडा में रहकर इलाज करा रही थीं। पूनम पांडे शनिवार को विद्यालय जाने के बाद रविवार की छुट्टी के चलते अपनी ससुराल उरई चली गईं थीं।

इसी दौरान चोरों ने घर को निशाना बना लिया। चोर आंगन में उतरकर गेट का ताला तोड़ते हुए अंदर पहुंचे। इसके बाद कमरे का ताला तोड़कर अलमारी खोल ली और उसमें रखी नकदी व जेवर समेट ले गए। चोरों ने अन्य कमरों में रखे बक्से, बॉक्स वाले बेड और अलमारियां भी खंगालीं।


सोमवार सुबह पूनम पांडे उरई से विद्यालय जाने के लिए अजीतमल पहुंचीं। घर से स्कूटी निकालने के लिए मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर पहुंचीं तो घर के अंदर टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने मोहल्ले के लोगों को जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। इस दौरान एक पर्स बरामद हुआ, जिस पर फोटू लगा हुआ था। पुलिस पर्स को अपने साथ ले गई। पूनम पांडे ने बताया कि चोर लगभग दो लाख रुपये नकद और साढ़े तीन लाख रुपये के सोने के जेवर चोरी कर ले गए हैं। बताया गया कि कमोदनी पांडे के पुत्र रामजी पांडे लखनऊ में नौकरी करते हैं। उनकी शादी 21 नवंबर को होनी है और घर में शादी की तैयारियां चल रहीं थीं। ऐसे में चोरी की घटना से परिवार को बड़ा नुकसान हुआ है।

 कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना पर दरोगा को मौके पर भेजकर जांच कराई गई है। घटनास्थल से एक पर्स मिला है। उसके आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *