आज की ताजा खबर

नारायणी के तट पर अंतरिक्ष विज्ञान का रोमांच, दूसरे दिन 20 कैनसैट और 7 मॉडल रॉकेट लॉन्च

top-news

दो दिनों में 39 कैनसैट और 8 मॉडल रॉकेट का सफल प्रक्षेपण, देशभर के 27 छात्र दलों ने दिखाई तकनीकी प्रतिभा; आज होगा राष्ट्रीय प्रतियोगिता का समापन

मोहम्मद नईम

कुशीनगर। नारायणी नदी का तट इन दिनों अंतरिक्ष विज्ञान के रोमांच और युवा वैज्ञानिकों की तकनीकी प्रतिभा का गवाह बन रहा है। इन-स्पेस की ओर से आयोजित राष्ट्रीय कैनसैट एवं मॉडल रॉकेट्री इंडिया स्टूडेंट कंपटीशन-2026 के दूसरे दिन सोमवार को भी आसमान में रॉकेटों की गूंज सुनाई दी। दिनभर चली लॉन्च गतिविधियों में 20 कैनसैट और 7 मॉडल रॉकेट का प्रक्षेपण किया गया। इसके साथ ही दो दिनों में कुल 39 कैनसैट और 8 मॉडल रॉकेट लॉन्च किए जा चुके हैं। दूसरे दिन देश के विभिन्न तकनीकी संस्थानों की 27 छात्र टीमों ने अपनी तकनीकी दक्षता और नवाचार का प्रदर्शन किया।


रॉकेट और कैनसैट के प्रक्षेपण के बाद अब प्रतिभागी टीमें अपने-अपने प्रयोगों से प्राप्त आंकड़ों के विश्लेषण में जुटी हैं। इन आंकड़ों के जरिए छात्र अपने सिस्टम की कार्यक्षमता, तकनीकी प्रदर्शन और डिजाइन की खूबियों एवं कमियों का आकलन कर रहे हैं। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को केवल प्रक्षेपण का अवसर ही नहीं मिल रहा, बल्कि अंतरिक्ष मिशन की वास्तविक प्रक्रिया को समझने और प्रयोग के आधार पर अपनी तकनीकी क्षमता साबित करने का भी मौका मिल रहा है।

इन-स्पेस के निदेशक (प्रमोशन निदेशालय) डॉ. विनोद कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों का उत्साह, तकनीकी प्रतिबद्धता और प्रयोगों के प्रति समर्पण अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की युवा प्रतिभाओं की बढ़ती क्षमता को दर्शाता है। प्रतियोगिता के अंतिम दिन टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी। विद्यार्थियों को अपने तकनीकी कौशल, नवाचार और नए विचारों को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन कक्षा की पढ़ाई को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ते हैं और भविष्य के अंतरिक्ष वैज्ञानिकों एवं पेशेवरों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रतियोगिता का समापन मंगलवार, 3 नवंबर को होगा। अंतिम दिन प्रतिभागी टीमों के प्रदर्शन, प्रयोगों के परिणाम और तकनीकी उपलब्धियों के आधार पर प्रतियोगिता का मूल्यांकन किया जाएगा। कुशीनगर की धरती पर आयोजित यह राष्ट्रीय आयोजन स्थानीय स्तर पर भी अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति नई पीढ़ी में उत्सुकता और वैज्ञानिक सोच विकसित करने का माध्यम बन रहा है।

मॉडल रॉकेट लॉन्च करने वाली टीमें

1. आईआईटी पलक्कड़, केरल

2. दयानंद सागर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, कर्नाटक

3. मैनिट, भोपाल

4. दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (डीटीयू)

5. बिट्स पिलानी, हैदराबाद

6. इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्पेस साइंस एंड टेक्नोलॉजी (आईआईएसटी), तिरुवनंतपुरम

7. एसपीसीई, मुंबई

कैनसैट लॉन्च करने वाली टीमें

1. इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी), मुंबई

2. लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी

3. दयानंद सागर एकेडमी ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट

4. महात्मा गांधी मिशन

5. एसटीईएस, सिंहगढ़ इंस्टीट्यूट्स

6. भारत इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी

7. केएलएस गोगटे इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी

8. केसीजी कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी

9. जीएसएसएस इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी फॉर विमेन

10. जेपी इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी

11. द्वारकादास जीवनलाल संघवी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग

12. जेएसएस यूनिवर्सिटी

13. श्री साईराम इंजीनियरिंग कॉलेज

14. राजलक्ष्मी इंजीनियरिंग कॉलेज

15. केआईपीएम कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी

16. नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी

17. वीर सुरेंद्र साईं यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी

18. जैन (डीम्ड-टू-बी) यूनिवर्सिटी

19. सीवी रमन ग्लोबल यूनिवर्सिटी

20. इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्पेस साइंस एंड टेक्नोलॉजी

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *