आज की ताजा खबर

खेत में मिला खोया कैनसैट, किसानों ने सुरक्षित टीम को लौटाया

top-news

झोले में लेकर आयोजन स्थल पहुंचे किसान, इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज की टीम ने ली राहत की सांस; मिशन का महत्वपूर्ण डेटा सुरक्षित

मोहम्मद नईम

कुशीनगर। ईमानदारी और जिम्मेदारी की मिसाल पेश करते हुए दो किसानों ने खेत में मिला एक महत्वपूर्ण वैज्ञानिक उपकरण सुरक्षित उसके मालिकों तक पहुंचा दिया। नारायणी नदी के तट पर आयोजित रॉकेट्री एवं कैनसैट प्रतियोगिता के दौरान खोया इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज, गाजियाबाद की टीम का कैनसैट सोमवार को किसानों की पहल से वापस मिल गया। उपकरण मिलने से टीम के सदस्यों ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार, रविवार को प्रतियोगिता के दौरान कैनसैट की लॉन्चिंग के बाद तीन कैनसैट लापता हो गए थे। इनमें इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज की टीम का कैनसैट भी शामिल था। सोमवार को किसान हरिलाल निषाद और लक्ष्मण निषाद अपने खेत में काम करने पहुंचे तो उनकी नजर इस उपकरण पर पड़ी। प्रतियोगिता से इसके संबंध का अंदाजा लगने पर दोनों किसानों ने उसे सुरक्षित उठाया और अपने घर ले गए। इसके बाद झोले में रखकर सीधे आयोजन स्थल के ऑब्जर्वेशन एरिया पहुंचे और संबंधित टीम को सौंप दिया।

कैनसैट वापस मिलने पर टीम के सदस्यों में खुशी की लहर दौड़ गई। टीम लीडर शुभम पांडेय ने बताया कि यह कैनसैट उनके मिशन के लिए बेहद महत्वपूर्ण था। इसकी लॉन्चिंग और लैंडिंग की प्रक्रिया सफल रही थी, लेकिन काफी तलाश के बावजूद रिकवरी नहीं हो पाई थी। उन्होंने बताया कि उपकरण में मिशन से संबंधित महत्वपूर्ण डेटा सुरक्षित है और कैनसैट अब भी काम कर रहा है। इसके वापस मिलने से टीम को मिशन के जरूरी आंकड़े प्राप्त करने में बड़ी मदद मिलेगी।

किसानों की इस पहल ने न केवल प्रतियोगिता में शामिल टीम को बड़ी राहत दी, बल्कि ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी की एक प्रेरक मिसाल भी पेश की।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *