आज की ताजा खबर

रॉकेट की उड़ान देख रोमांचित हुए स्कूली बच्चे, बोले- बड़े होकर हम भी करेंगे प्रतिभाग

top-news

किताबों से निकलकर हकीकत में देखा अंतरिक्ष विज्ञान, रॉकेट और कैनसैट की लॉन्चिंग ने जगाई वैज्ञानिक बनने की जिज्ञासा

मोहम्मद नईम

कुशीनगर। अब तक किताबों और तस्वीरों में रॉकेट तथा उपग्रहों के बारे में पढ़ने वाले स्कूली बच्चों को सोमवार को अंतरिक्ष विज्ञान की तकनीक को करीब से देखने और समझने का अवसर मिला। नारायणी नदी के तट पर आयोजित इन-स्पेस की राष्ट्रीय रॉकेट्री एवं कैनसैट प्रतियोगिता में कुशीनगर और देवरिया के चार विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भ्रमण किया। रॉकेट की लॉन्चिंग और तकनीकी गतिविधियों को देखकर बच्चे रोमांचित हो उठे। इस अनुभव ने उनके भीतर वैज्ञानिक सोच और भविष्य में ऐसी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का उत्साह भर दिया।


आयोजन स्थल पर पहुंचे विद्यालयों में जगदीश पब्लिक स्कूल, गौरी श्रीराम और स्टार पब्लिक स्कूल, परसा उर्फ सिरिसिया (कुशीनगर) के साथ गुरुकुल मिशन स्कूल एवं सनबीम स्कूल (देवरिया) के विद्यार्थी शामिल रहे। अलग-अलग कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने रॉकेट और कैनसैट की लॉन्चिंग देखी तथा इनके निर्माण, तकनीक और प्रक्षेपण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी हासिल की।

जगदीश पब्लिक स्कूल के छात्र अनुज कुमार, आयुष राय, मनीष मिश्रा और ऋतिक कुमार ने बताया कि उनके लिए यह बेहद रोमांचक और यादगार अनुभव रहा। अब तक रॉकेट और उपग्रहों के बारे में केवल किताबों में पढ़ा था, लेकिन यहां उन्हें इनकी कार्यप्रणाली को करीब से देखने का मौका मिला। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक कहा कि बड़े होकर वे भी रॉकेट निर्माण और ऐसी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना चाहते हैं।

इस अवसर पर देवरिया के सांसद शशांक मणि ने कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान और आधुनिक तकनीक से जुड़ी गतिविधियों का लाभ केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। छोटे शहरों और जिलों के विद्यार्थियों को भी ऐसे अवसर मिलने चाहिए, जहां वे तकनीक को प्रत्यक्ष रूप से देखकर सीख सकें। कुशीनगर में आयोजित यह प्रतियोगिता स्थानीय विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *