आज की ताजा खबर

बिल्हौर में भाजपा के टिकट की दावेदारी तेज, राहुल बच्चा को अपनों से मिल रही चुनौती

top-news

मुख्यमंत्री से राहुल बच्चा की मंच पर नजदीकी और पूर्व सांसद अंजू बाला से मुलाकात ने बढ़ाई राजनीतिक चर्चाएं

मनोज दिवाकर, मनोरमा कठेरिया और उपेंद्र पासवान समेत कई नाम चर्चा में; संगठन के सामने दावेदारों को साधने की चुनौती

आशीष द्विवेदी

बिल्हौर (कानपुर)। विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन बिल्हौर की सियासत में टिकट को लेकर दावेदारी और राजनीतिक हलचल तेज होने लगी है। भारतीय जनता पार्टी के मौजूदा विधायक राहुल बच्चा को जहां अपने कार्यकाल के विकास कार्यों के आधार पर दोबारा टिकट मिलने की उम्मीद है, वहीं पार्टी के भीतर ही कई अन्य चेहरे अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं। ऐसे में आगामी चुनाव से पहले भाजपा के अंदर संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में तत्कालीन विधायक और पूर्व मंत्री भगवती प्रसाद सागर के भाजपा छोड़ने के बाद पार्टी ने काला बच्चा सोनकर के पुत्र मोहित सोनकर उर्फ राहुल बच्चा पर भरोसा जताया था। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उनकी पारिवारिक राजनीतिक विरासत और संगठन से जुड़ाव को लेकर उत्साह देखा गया। कार्यकर्ताओं के समर्थन के बीच राहुल बच्चा ने भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर विधानसभा में जगह बनाई।

अब उनके कार्यकाल का अधिकांश हिस्सा बीत चुका है और क्षेत्र में अगली बार टिकट किसे मिलेगा, इसे लेकर राजनीतिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। बिठूर में आयोजित एक सभा में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से राहुल बच्चा के प्रति स्नेह और सम्मान जताया। समर्थकों ने इसे विधायक के लिए सकारात्मक संकेत के रूप में देखा। हालांकि, इसी दिन मुख्यमंत्री की लखनऊ में पूर्व सांसद अंजू बाला से मुलाकात के बाद बिल्हौर की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गईं।


अंजू बाला की मुलाकात से बदले राजनीतिक समीकरणों के कयास

पूर्व सांसद अंजू बाला पिछले कुछ समय से भाजपा के कार्यक्रमों और पार्टी नेताओं के साथ सार्वजनिक सक्रियता को लेकर चर्चा में रही हैं। स्थानीय राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा रही कि वह समाजवादी पार्टी के नेताओं से मुलाकात कर रही थीं। ऐसे में मुख्यमंत्री से उनकी मुलाकात को लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, इस मुलाकात के बाद उनकी राजनीतिक भूमिका या भविष्य की रणनीति को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है।

दूसरी ओर, पूर्व मंत्री अरुणा कोरी भी बिल्हौर क्षेत्र में सक्रिय बताई जा रही हैं। वह समाजवादी पार्टी के साथ जुड़ने के बाद टिकट की दावेदारी को लेकर लखनऊ और क्षेत्र के बीच लगातार संपर्क बनाए हुए हैं।

मनोज दिवाकर और मनोरमा कठेरिया भी सक्रिय

भाजपा में टिकट की दावेदारी करने वाले अन्य नामों में बसपा से भाजपा में आए मनोज दिवाकर भी शामिल हैं। वह क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं और शीर्ष नेतृत्व से टिकट को लेकर आश्वासन मिलने का दावा कर रहे हैं।

बिल्हौर की ब्लॉक प्रमुख मनोरमा कठेरिया भी स्थानीय प्रत्याशी की मांग उठाते हुए अपनी दावेदारी को आगे बढ़ा रही हैं। वह मौजूदा विधायक के विकास कार्यों को पर्याप्त नहीं मानतीं और क्षेत्र में स्थानीय नेतृत्व को मौका देने की बात कह रही हैं।

इसके अलावा भाजपा के ग्रामीण जिलाध्यक्ष और पूर्व विधायक उपेंद्र पासवान का नाम भी संभावित दावेदारों की चर्चा में लिया जा रहा है। संगठन की जिम्मेदारी संभालने के साथ उनकी राजनीतिक सक्रियता भी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

संगठन के सामने गुटबाजी संभालने की चुनौती

एक ओर राहुल बच्चा गांव-गांव पहुंचकर अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों को जनता के सामने रख रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पार्टी के ही कुछ दावेदार उन कार्यों और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सवाल उठा रहे हैं। इससे स्थानीय स्तर पर भाजपा कार्यकर्ताओं के अलग-अलग खेमों में सक्रिय होने की चर्चा है।

क्षेत्र में चौक-चौराहों से लेकर राजनीतिक बैठकों तक टिकट के संभावित दावेदारों को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। कार्यकर्ताओं के बीच भी यह सवाल बना हुआ है कि पार्टी आगामी चुनाव में किस चेहरे पर भरोसा जताएगी। फिलहाल टिकट का फैसला पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को करना है, लेकिन बिल्हौर में भाजपा के भीतर शुरू हुई यह राजनीतिक हलचल आने वाले समय में और तेज हो सकती है।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *