आज की ताजा खबर

जीएसटी धोखाधड़ी में फंसे 22 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर दी जान, सुसाइड नोट में अलीगढ़ पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप

top-news

सुसाइड नोट में नौ करोड़ के फर्जी लेनदेन और दो करोड़ रुपये टैक्स का जिक्र, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा

रोहित अवस्थी 

मुरादगंज, औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के जैनपुर गांव निवासी 22 वर्षीय युवक ने सोमवार देर शाम शेखूपुर हार में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। युवक ने जान देने से पहले सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उसके नाम पर अलीगढ़ में फर्जी फर्म का पंजीकरण कराकर करीब नौ करोड़ रुपये का लेनदेन किए जाने और इस मामले में अलीगढ़ पुलिस के अधिकारियों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


जैनपुर निवासी गजेंद्र सिंह पुत्र शिवप्रसाद सिंह ने बीएससी की पढ़ाई पूरी करने के बाद हाल ही में आईटीआई की तैयारी शुरू की थी। सोमवार शाम करीब आठ बजे उसने गांव के सामने स्थित शेखूपुर हार के खेतों में एक पेड़ पर रस्सी से फंदा लगा लिया। जानकारी होने पर परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक ओमशरण यादव ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया गया कि घटना से पहले गजेंद्र ने अपने बड़े भाई दीपेंद्र और छोटे भाई अनुज को घटनास्थल की लोकेशन भी भेजी थी। लोकेशन मिलते ही परिजन कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गए। उन्होंने युवक को फंदे से नीचे उतारकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतक ने सुसाइड नोट में लिखा है कि अलीगढ़ में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके नाम से फर्जी फर्म का पंजीकरण करा लिया था। इस फर्म के माध्यम से करीब नौ करोड़ रुपये का लेनदेन किया गया, जिस पर लगभग दो करोड़ रुपये का टैक्स बनता था। युवक के मुताबिक, उसे न तो इस फर्म की जानकारी थी और न ही उससे किए गए लेनदेन की। सुसाइड नोट के अनुसार, 22 अक्टूबर को अलीगढ़ पुलिस उसके घर पहुंची और मामले की जानकारी दी। इसके बाद उसने पुलिस को संबंधित दस्तावेज भी उपलब्ध कराए थे। इसके बावजूद उसे मानसिक रूप से परेशान किए जाने का आरोप लगाया गया है।

इस संबंध में अजीतमल कोतवाली प्रभारी विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *