आज की ताजा खबर

तिलक सिंह महाविद्यालय में गूंजा नशामुक्ति का संदेश, जिला पंचायत अध्यक्ष ने विद्यार्थियों को दिलाई शपथ

top-news

रोहित अवस्थी

औरैया। तिलक सिंह महाविद्यालय में मंगलवार को नशीली दवाओं के दुरुपयोग की रोकथाम को लेकर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। राष्ट्रीय सामाजिक रक्षा संस्थान, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में ऑक्सफोर्ड शिक्षा प्रसार संस्थान की ओर से आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष कमल सिंह दोहरे ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए कहा कि युवा स्वयं नशे से दूर रहें और परिवार व समाज के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।


इस दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग्य अवस्थी ने प्रथम, शिवम ने द्वितीय और छवि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा सौम्या, ऋचा द्विवेदी, सनी, वेदांत, संतोष, स्वर्णिका ठाकुर, रौनक और राम मोहन को मोमेंटो व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. रवि कुमार ने विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी सीएमओ डॉ. बृजेश कुमार और डॉ. देवेंद्र सिंह ने नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी दी। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता भी मौजूद रहे।

ऑक्सफोर्ड शिक्षा प्रसार संस्थान के निदेशक डॉ. राजवर्धन शुक्ला ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन कवि गोपाल पांडेय ने किया। अंत में अरविंद मिश्रा ने सभी के प्रति आभार जताया। इस मौके पर वृद्धाश्रम प्रबंधक नरेंद्र पाल, विमलेश कुमार, महाविद्यालय के शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *