आज की ताजा खबर

रोल प्ले प्रतियोगिता में तिलकधारी सिंह इण्टर कॉलेज जौनपुर विजेता

top-news

तीव्र जनसंख्या वृद्धि है सबसे बडी चुनौती : भगवती सिंह

 व्यक्तित्त्व के विकास के लिए अन्य पाठ्य सहगामी क्रियाएं आवश्यक : महेन्द्र सिंह

किशोरों को स्वजागरूक करने, उन्नत जीवन शैली को विकसित करना जरूरी : राजेन्द्र प्रताप  

राज्य स्तरीय राष्ट्रीय भूमिका निर्वाह (रोल-प्ले) प्रतियोगिता संपन्न

पवन द्विवेदी

प्रयागराज। शिक्षा मंत्रालय एवं एनसीईआरटी, नई दिल्ली के निर्देशन में राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य शिक्षा संस्थान, उप्र, प्रयागराज में राज्य स्तरीय राष्ट्रीय भूमिका निर्वाह (रोल-प्ले) प्रतियोगिता का आयोजन आज हुआ। इसमें प्रदेश से कुल 16 जनपदों की टीमों ने निर्धारित विषय जैसे - स्वस्थ बढ़ना, पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, भावनात्मक कल्याण और मानसिक स्वास्थ्य, पारम्परिक संबंध, मूल्य एवं जिम्मेदार नागरिकता, जेन्डर समानता, मादक पदार्थो के दुरूपयोग की रोकथाम, इलेक्ट्रानिक गैजेट्स का सुरक्षित उपयोग को बढ़ावा देना, हिंसा एवं चोटों की खिलाफ सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत अपनी - अपनी प्रस्तुति मंच पर प्रस्तुत की। रोल प्ले प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले 16 जनपदों में प्रथम स्थान तिलकधारी सिंह इण्टर कॉलेज, जौनपुर, द्वितीय  राजकीय हाईस्कूल दबरई फिरोजाबाद एवं तृतीय स्थान राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज राठ हमीरपुर ने प्राप्त किया।


इसके पूर्व कार्यक्रम का शुभारम्भ  मुख्य अतिथि यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह, जेडी फाइनेंस महेन्द्र कुमार सिंह और राज्य शिक्षा संस्थान के प्राचार्य राजेन्द्र प्रताप ने दीप प्रज्जवलन से किया। मुख्य अतिथि यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने कहा कि जनसंख्या शिक्षा हमारे पाठ्यक्रम का अंग है और यह पाठ्य सहगामी क्रियाकलापों के द्वारा छात्रों को जागरूक करती है। उन्होंने कहा कि तीव्र जनसंख्या वृद्धि एक चुनौती है जबकि बहुत से देश वृद्ध होते जा रहे है इस पर चिंता व्यक्त की। विशिष्ट अतिथि जेडी फाइनेंस महेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि व्यक्ति के व्यक्तित्त्व के विकास के लिए अन्य पाठ्य      सहगामी क्रियाएं आवश्यक है। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य और बालिका शिक्षा पर विशेष बल दिया।

प्रतियोगिता के आयोजक प्राचार्य, राज्य शिक्षा संस्थान राजेन्द्र प्रताप ने कहा कि राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा परियोजनान्तर्गत राज्य स्तरीय राष्ट्रीय भूमिका निर्वाह प्रतियोगिता में कक्षा-9 में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करते है। कार्यक्रम में निहित बिन्दुओं पर उन्होंने विस्तार से प्रकाश डालते हुए इस बात पर विशेष जोर दिया कि प्रतियोगिता किशोरों को स्वजागरूक करने, उन्नत जीवन शैली को विकसित करने तथा परस्पर स्वस्थ व्यवहार अपनाने में सहायक सिद्ध होगी।

प्रतियोगिता के निर्णायक मण्डल में श्रीमती ऋचा राय डायट, प्रवक्ता, डॉ विनय श्रीवास्तव जिला टेलीविजन थियेटर आर्टिस्ट, सचिन चन्द्रा जिला टेलीविजन आर्टिस्ट, डॉ दिलीप सिंह सहायक प्रोफेसर सीएमपी डिग्री कॉलेज प्रयागराज ने कार्यों एवं दायित्वों का निर्वहन निष्पक्ष एवं निष्ठापूर्वक करते हुए निर्णायक की भूमिका पूर्ण कर परिणाम की घोषणा की।   सहायक उप शिक्षा निदेशक अर्जुन सिंह ने सभी  प्रतिभागी छात्र - छात्राओं, शिक्षकगण तथा कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं राज्य शिक्षा संस्थान में कार्यरत समस्त शिक्षकगण एवं शिक्षणोत्तर कर्मचारियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए विजेता टीम जनपद जौनपुर के प्रतिभागी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर राज्य के गौरव व सम्मान बढ़ाये जाने हेतु आशान्वित किया। कार्यक्रम में सहायक उप शिक्षा निदेशक  सुदामा प्रसाद, अर्जुन सिंह, श्रीमती (डॉ) निहारिका कुमार, श्रीमती मनीषा कुशवाहा परियोजना टीम की समन्वयक श्रीमती अनुराधा पाण्डेय, परियोजना अधिकारी डॉ जनार्दन सिंह, संतोष कुमार, डॉ रेनू सिंह तथा राज्य शिक्षा संस्थान की शोध प्राध्यापक श्रीमती आरती कैथवास, श्रीमती दीपा मिश्रा, श्रीमती अरूणा यादव एवं सभी शिक्षकगण व कर्मचारीगण उपस्थित रहे। संचालन योगिराज मिश्र ने किया।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *