आज की ताजा खबर

दीप जलाकर सपा कार्यकर्ताओं ने लिया अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प

top-news

रामनगर स्थित पार्टी कार्यालय में दीपावली की पूर्व संध्या पर जुटे कार्यकर्ता

विधायक त्रिभुवन दत्त ने 2027 की तैयारी में बूथ मजबूत करने और नए मतदाताओं को जोड़ने का दिया संदेश

लालमणि गोंड

आलापुर (अंबेडकरनगर)। विधानसभा क्षेत्र आलापुर में समाजवादी पार्टी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। दीपावली की पूर्व संध्या पर शनिवार को रामनगर स्थित पार्टी कार्यालय में ‘आओ मिलकर हम सब एक दीप जलाएं’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। मुख्य अतिथि विधायक एवं सपा के राष्ट्रीय सचिव त्रिभुवन दत्त ने कार्यकर्ताओं को अखिलेश यादव को दोबारा उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक त्रिभुवन दत्त ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से बूथ स्तर पर सक्रिय होना होगा। उन्होंने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र युवा मतदाता बनने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों पर विशेष प्रयास करें।


गांव-गांव पहुंचाने का आह्वान

विधायक ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर जाकर समाजवादी पार्टी की नीतियों और विचारधारा को लोगों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय और सक्रियता के साथ संगठन को मजबूत करना आगामी चुनाव की तैयारी का अहम हिस्सा है।

सपा के प्रांतीय सचिव योगेंद्रनाथ त्रिपाठी ने कहा कि विधानसभा चुनाव में सफलता हासिल करने के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी ताकत के साथ जुटना होगा। संगठन की मजबूती और एकजुटता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।

युवा नेता राहुल दत्त यशवर्धन ने युवाओं से पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने और नए मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर युवाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।


कई नेताओं ने रखे विचार

बैठक को एससी आयोग की पूर्व सदस्य विद्या सिंह भारती, ब्लॉक प्रमुख प्रमोद दत्त, वीरेंद्र तिवारी, विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र यादव, सपा नेता अजय गौतम एडवोकेट और कृष्ण कुमार पाण्डेय सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी लाने और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव रामप्यारे निषाद ने किया। दीपावली के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव में पार्टी की जीत के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *