आज की ताजा खबर

भरौली में गन्ना क्रय केंद्र लगाने का किसानों ने किया विरोध, पुराने स्थान पर शुरू करने की मांग

top-news

ब्रह्मचारी बाबा गन्ना क्रय केंद्र को भरतपुर से हटाकर भरौली के पास लगाने की तैयारी से नाराजगी

किसानों ने दूरी और कम जगह का हवाला देकर जताई परेशानी, ब्रह्मचारी जी कुटी के पास केंद्र स्थापित करने की मांग

लालमणि गोंड

आलापुर (अंबेडकरनगर)। जहांगीरगंज विकासखंड क्षेत्र में गन्ना क्रय केंद्र के स्थान परिवर्तन को लेकर किसानों में नाराजगी देखने को मिल रही है। ब्रह्मचारी बाबा गन्ना क्रय केंद्र को भरतपुर से हटाकर भरौली गांव के पास स्थापित किए जाने का किसान विरोध कर रहे हैं। किसानों ने प्रदर्शन कर क्रय केंद्र को पुराने स्थान पर ही शुरू करने की मांग उठाई है।

किसानों का कहना है कि पहले यह गन्ना क्रय केंद्र भरतपुर में संचालित होता था, जिससे आसपास के किसानों को गन्ने की तौल कराने में सुविधा मिलती थी। इस बार केंद्र को दूसरे स्थान पर ले जाने की तैयारी की जा रही है। किसानों के मुताबिक, प्रस्तावित नया स्थान अधिक दूरी पर है और वहां पर्याप्त जगह भी उपलब्ध नहीं है।


दूरी और जगह की कमी से बढ़ेगी परेशानी

किसानों का कहना है कि भरौली के पास क्रय केंद्र स्थापित होने से उन्हें गन्ना लेकर अधिक दूरी तय करनी पड़ेगी। वहीं, जगह कम होने के कारण गन्ने से लदी ट्रालियों को खड़ा करने में भी परेशानी होगी। इससे तौल कराने के लिए किसानों को इंतजार करना पड़ सकता है और उनकी लागत भी बढ़ सकती है।

किसानों ने मांग की है कि ब्रह्मचारी बाबा गन्ना क्रय केंद्र को पुराने स्थान पर ही ब्रह्मचारी जी कुटी के पास स्थापित किया जाए, ताकि क्षेत्र के किसानों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

किसानों ने उठाई आवाज

क्रय केंद्र के स्थान परिवर्तन का विरोध करने वालों में किसान धर्मेंद्र यादव, रामा यादव, गुलाब यादव, महावीर, दिनेश, विश्वनाथ यादव, संजय और अनिल सहित अन्य किसान शामिल रहे। सामाजिक कार्यकर्ता मित्रसेन ने भी किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए क्रय केंद्र का स्थान निर्धारित करने की मांग की है।

अब किसानों की मांग पर संबंधित विभाग और चीनी मिल प्रशासन की ओर से क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर क्षेत्र के गन्ना किसानों की नजर है।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *