आज की ताजा खबर

गड्ढे भरने के नाम पर हुई खानापूर्ति, मरम्मत के बाद भी बदहाल है देवरिया-गिरैया बाजार मार्ग

top-news

चार किलोमीटर सड़क पर अब भी जगह-जगह बने हैं बड़े-बड़े गड्ढे

स्कूली बच्चों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी, ग्रामीणों ने की सड़क दुरुस्त कराने की मांग

लालमणि गोंड

आलापुर (अंबेडकरनगर)। जहांगीरगंज विकासखंड क्षेत्र में देवरिया बाजार से गिरैया बाजार जाने वाली प्रधानमंत्री सड़क की हालत में सुधार नहीं हो सका है। लोक निर्माण विभाग की ओर से हाल ही में सड़क के गड्ढों को भरने का काम कराया गया, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि कर्मचारियों ने कुछ गड्ढे भरकर केवल खानापूर्ति कर दी। सड़क पर आज भी कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे मौजूद हैं, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

देवरिया बाजार से गिरैया बाजार को जोड़ने वाली करीब चार किलोमीटर लंबी सड़क पर प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। ग्रामीणों के मुताबिक, लंबे समय से सड़क जर्जर हालत में है। बीते दिनों लोक निर्माण विभाग ने बड़े गड्ढों को भरने के लिए कर्मचारियों को लगाया था, लेकिन आरोप है कि पूरी सड़क की मरम्मत करने के बजाय कुछ स्थानों पर ही गड्ढे भरे गए।


भरे गड्ढों के आसपास अब भी बनी है मुसीबत

ग्रामीणों का कहना है कि जिन स्थानों पर गड्ढे भरे गए हैं, उनके आसपास ही कई बड़े गड्ढे अब भी मौजूद हैं। इससे सड़क पर सफर करने वाले लोगों को हर समय सावधानी बरतनी पड़ती है। कई जगह यह समझना भी मुश्किल हो जाता है कि सड़क का समतल हिस्सा कहां है और गड्ढे कहां हैं।

क्षेत्र में देवरिया बाजार और उसके आसपास दर्जनों स्कूल संचालित हैं। ऐसे में इस मार्ग से रोजाना आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी परेशानी उठानी पड़ती है। दोपहिया वाहन चालकों और अन्य राहगीरों के लिए भी सड़क पर सफर करना मुश्किल बना हुआ है।

ग्रामीणों ने की पूरी सड़क की मरम्मत की मांग

संदीप वर्मा, भोला निषाद, शशांकमणि गोंड, पवन तिवारी, शानू मिश्र, दिलीप चौरसिया और टिंकू तिवारी सहित ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क के सभी गड्ढों को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है। उनका कहना है कि अधूरे काम के बजाय पूरी सड़क की स्थिति का निरीक्षण कर मरम्मत कराई जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिल सके।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *