आज की ताजा खबर

विद्यालय में शिक्षकों से मारपीट के मामले में पांच आरोपितों पर मुकदमा दर्ज

top-news

कंपोजिट विद्यालय जैती में घुसकर दो सहायक अध्यापकों पर किया गया था हमला

एससी-एसटी समेत विभिन्न धाराओं में केस, मामले की विवेचना सीओ आलापुर को सौंपी गई

लालमणि गोंड

आलापुर (अंबेडकरनगर)। जहांगीरगंज विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय जैती में घुसकर दो सहायक अध्यापकों के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने एक महिला सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सहायक अध्यापक अरुण कुमार की तहरीर पर एससी-एसटी अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई है। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी आलापुर को सौंपी गई है।

गौरतलब है कि बीते दिन विद्यालय में पढ़ाई के दौरान एक सहायक अध्यापक ने कथित तौर पर शरारत कर रहे एक बच्चे को डांट दिया था। इसके बाद बच्चा घर चला गया। आरोप है कि कुछ देर बाद उसकी मां बबिता और गांव बंगालपुर निवासी विकास पुत्र चमन, बाढ़ऊ पुत्र हरिलाल, विशाल पुत्र चुम्मन तथा बृजमोहन पुत्र बलिहारी दो मोटरसाइकिलों से विद्यालय पहुंच गए।


कक्षा में घुसकर शिक्षकों से मारपीट का आरोप

शिकायत के मुताबिक, विद्यालय में बच्चों को पढ़ा रहे सहायक अध्यापक अरुण कुमार और नन्दलाल के साथ आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। हमले में दोनों शिक्षक घायल हो गए। इस दौरान विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई और बच्चे डरकर रोने-चिल्लाने लगे। आरोप है कि हमलावरों ने विद्यालय का रजिस्टर भी फाड़ दिया।

बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपित वहां से भाग निकले। घटना की जानकारी मिलने पर शिक्षकों में नाराजगी फैल गई। प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में दर्जनों शिक्षक थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।


अरुण कुमार की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस ने सहायक अध्यापक अरुण कुमार की तहरीर के आधार पर एक महिला सहित पांच लोगों के खिलाफ एससी-एसटी अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी रितेश कुमार पांडेय ने मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रकरण की विवेचना क्षेत्राधिकारी आलापुर को सौंपी गई है।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *