आज की ताजा खबर

घर के बाहर सोता रहा परिवार, कमरे का ताला तोड़ लाखों के जेवर और नकदी ले उड़े चोर

top-news

गोदरेज अलमारी का लॉकर और गुप्त स्थान भी खंगाला, सुबह बिखरा सामान देखकर परिवार के उड़े होश

लालमणि गोंड

आलापुर (अंबेडकरनगर)। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के कल्यानपुर गांव में बीती रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए कमरे और गोदरेज अलमारी का ताला तोड़ दिया। चोर घर से 20 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के लाखों रुपये के आभूषण समेटकर फरार हो गए। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के बरामदे में सो रहे थे, लेकिन किसी को चोरी की भनक तक नहीं लगी।

जानकारी के अनुसार, कल्यानपुर निवासी श्रीप्रकाश पाठक का परिवार बीती 9/10 की रात घर के बरामदे में सो रहा था। सामने स्थित बैठका के कमरे में ताला लगा हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोर कमरे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद उन्होंने कमरे में रखी गोदरेज अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें बने लॉकर तथा गुप्त स्थान को भी खंगाल डाला।


चोरों ने अलमारी में रखे 20 हजार रुपये नकद, सोने की दो अंगूठियां, कान के दो झुमके, एक नथुनी, एक कील और एक मंगलसूत्र चोरी कर लिया। इसके अलावा चांदी की तीन पायल और तीन जोड़ी बिछुआ भी अपने साथ ले गए। हैरानी की बात यह रही कि कमरे में घरेलू सामान, कपड़े और बिस्तर भी रखे थे, लेकिन चोरों ने केवल नकदी और आभूषणों को ही निशाना बनाया।

सुबह जब परिवार के लोग उठे तो कमरे का ताला टूटा हुआ मिला और अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए। जांच करने पर नकदी और आभूषण गायब मिले। इसके बाद पीड़ित श्रीप्रकाश पाठक ने राजेसुल्तानपुर थाने में चोरी की लिखित सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर छानबीन शुरू कर दी। गांव में हुई इस चोरी की घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *