आज की ताजा खबर

शिक्षकों से मारपीट के मामले में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, शिक्षक संघ ने थाने में दिया ज्ञापन

top-news

प्राथमिक शिक्षक संघ ने पुलिस को दी आंदोलन की चेतावनी, जल्द कार्रवाई का मिला आश्वासन

विद्यालय में घुसकर दो सहायक अध्यापकों पर किया गया था हमला, एससी-एसटी समेत गंभीर धाराओं में दर्ज है मुकदमा

लालमणि गोंड

आलापुर (अंबेडकरनगर)। विकासखंड जहांगीरगंज के कंपोजिट विद्यालय जयती में घुसकर दो सहायक अध्यापकों के साथ मारपीट करने के मामले में नामजद पांच आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग तेज हो गई है। प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों और शिक्षकों ने थानाध्यक्ष जहांगीरगंज को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो शिक्षक धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।


मालूम हो कि बीते दिनों कंपोजिट विद्यालय जयती में सहायक अध्यापक अरुण कुमार और नन्दलाल के साथ कुछ लोगों ने विद्यालय परिसर में घुसकर अभद्र गाली-गलौज करते हुए मारपीट की थी। घटना में दोनों शिक्षक चोटिल हो गए थे। आरोप है कि एक बच्चे को लेकर शिक्षक की ओर से की गई कार्रवाई के बाद विवाद बढ़ा और हमलावरों ने विद्यालय पहुंचकर शिक्षकों पर हमला कर दिया।

इस मामले में पीड़ित शिक्षकों की तहरीर पर पुलिस ने एक महिला सहित पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी आलापुर कर रहे हैं। हालांकि, अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर शिक्षक संघ ने नाराजगी जताई है।

ज्ञापन देने के लिए प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अजय कुमार पांडेय, मंत्री रामकेवल यादव, संरक्षक शान्ति भूषण पांडेय और कोषाध्यक्ष ब्रह्मदेव तिवारी सहित मित्रसेन यादव तथा दो दर्जन से अधिक शिक्षक जहांगीरगंज थाने पहुंचे। सभी ने थानाध्यक्ष रितेश कुमार पांडेय को ज्ञापन सौंपकर नामजद आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।

थानाध्यक्ष ने शिक्षक संघ के पदाधिकारियों और शिक्षकों को भरोसा दिलाया कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *