आज की ताजा खबर

गोवर्धन पूजा पर विधायक ने कान्हा गौशाला में किया गोवंशों का पूजन, खिलाया चारा

top-news

आरिफ सिद्दीकी

कांट। गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर मंगलवार को नगर पंचायत कांट स्थित कान्हा गौशाला में श्रद्धा और उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विधायक अरविंद कुमार सिंह ने गौशाला पहुंचकर विधि-विधान से गोवंशों का पूजन किया। उन्होंने गोवंशों को माला पहनाई और चना, गुड़ व केले खिलाकर गौसेवा की। विधायक ने गोवंशों के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए उनके संरक्षण और देखभाल को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।

पूजन के बाद विधायक ने गौशाला परिसर में कदम का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रकृति और गोवंश दोनों का भारतीय संस्कृति में विशेष महत्व है। इनके संरक्षण के लिए सभी लोगों को आगे आना चाहिए। पर्यावरण को स्वच्छ और संतुलित बनाए रखने के लिए पौधरोपण जरूरी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल भी करनी चाहिए।


कार्यक्रम के दौरान विधायक ने गौशाला में स्थापित चारा काटने वाली मशीन का भी शुभारंभ किया। उन्होंने स्वयं मशीन में चारा डालकर उसे काटा और गोवंशों के लिए चारा तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कराई। उन्होंने कहा कि गौशाला में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने से गोवंशों की बेहतर देखभाल हो सकेगी और उनके लिए चारे की व्यवस्था भी सुचारु रूप से की जा सकेगी।

इस अवसर पर विधायक अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि गोसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी भी है। गोवंशों का संरक्षण, संवर्धन और उनकी उचित देखभाल करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि गोवंश हमारी संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इसलिए उनकी सेवा और सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने गौशाला से जुड़े लोगों से भी अपील की कि वे गोवंशों के खानपान, साफ-सफाई और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें, ताकि उन्हें बेहतर वातावरण मिल सके।

विधायक ने भरोसा दिलाया कि गौशाला में गोवंशों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार भी गोवंश संरक्षण और गौशालाओं की व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। कार्यक्रम के माध्यम से गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *