आज की ताजा खबर

उत्तर प्रदेश में चंद्रशेखर और ओवैसी ने गठबंधन का एलान किया,नाम रखा सामाजिक परिवर्तन मोर्चा

top-news

रजत सिन्हा 

लखनऊ।

यूपी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले प्रदेश की सियासत में एक नए गठबंधन ने आकार लिया है।आज़ाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन करने का ऐलान किया है।दोनों नेताओं ने गुरुवार को राजधानी लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस नए सियासी गठबंधन की आधिकारिक घोषणा की।इसका नाम सामाजिक परिवर्तन मोर्चा रखा गया है।

इस गठबंधन का मुख्य उद्देश्य दलित और मुस्लिम वोटों को एक मंच पर लाना तथा युवाओं, किसानों और कमजोर वर्गों के अधिकारों की आवाज़ उठाना है।

मीडिया से बात करते हुए ओवैसी ने कहा कि चंद्रशेखर यूपी में सीएम का चेहरा होंगे। भाजपा को रोकने के लिए हमारा मोर्चा मजबूत विकल्प बनेगा। उन्होंने सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री हैं और इंशाल्लाह पूर्व ही रहेंगे।


इस मौके पर सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि पहला मजबूत मोर्चा होगा। हमने बड़े गठबंधन में शामिल होने की कोशिश की, लेकिन हमें कमजोर समझा गया।

श्री आज़ाद ने कहा कि बीजेपी सरकार का असली लक्ष्य संविधान और आरक्षण को खत्म करना है। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी इनकी तरफ आंख उठाएगा, उसे दिन में तारे दिखा दिए जाएंगे।

चंद्रशेखर ने घोषणा की कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ के रमाबाई मैदान में बहुजन समाज महासम्मेलन महारैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने मंच से ही असदुद्दीन ओवैसी को इस महारैली में मजबूती के साथ शामिल होने का निमंत्रण दिया।

श्री आज़ाद ने बताया कि रैली के बाद गठबंधन अपना घोषणापत्र जारी करेगा। उन्होंने दावा किया कि 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन करेगा।

यूपी में मुस्लिम आबादी 19% और दलित आबादी 21% है। यानी दोनों की नजर करीब 40% आबादी के वोटों पर है। इस गठबंधन का सीधा असर सपा और बसपा के वोट बैंक पर पड़ सकता है।

सपा का आधार मुस्लिम-यादव और बसपा का दलित वोट बैंक है। ओवैसी-चंद्रशेखर की जोड़ी इन दोनों वोट बैंकों में सेंध लगा सकती है। इससे विपक्षी वोटों का बिखराव बढ़ेगा और भाजपा को फायदा मिल सकता है।माना जा रहा है कि यह गठबंधन समाजवादी पार्टी पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण के सामने एक नई चुनौती पेश कर सकता है, जबकि विपक्षी दलों का आरोप है कि इससे भाजपा को चुनावी फायदा मिल सकता है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आसिम वकार ने ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन को लेकर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस गठबंधन की लगाम पर्दे के पीछे अमित शाह के हाथ में है। आसिम वकार ने आरोप लगाया कि बहुत से लोग बीजेपी और अमित शाह के लिए काम करते हैं। कुछ लोग मुकदमे और जेल के डर से, तो कुछ अपना खजाना बढ़ाने के लिए ऐसा करते हैं।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *