आज की ताजा खबर

जनगणना में एक भी परिवार छूटा तो अधूरा रह जाएगा विकास का खाका: डीएम कपिल सिंह

top-news

16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

किरायेदारों, प्रवासी मजदूरों और दूरदराज की बस्तियों में रहने वाले लोगों को भी गणना में शामिल करने की अपील

कानपुर देहात। जनगणना-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी कपिल सिंह ने जनपद के नागरिकों से इस राष्ट्रीय अभियान में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना में यदि एक भी परिवार या निवासी छूट जाता है तो विकास योजनाओं और सरकारी नीतियों की रूपरेखा प्रभावित हो सकती है। जनगणना से प्राप्त आंकड़े ही भविष्य की योजनाओं और बुनियादी सुविधाओं की जरूरतों का आधार बनते हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना के पहले चरण में मकान सूचीकरण का कार्य मई-जून में पूरा किया जा चुका है। अब 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके तहत परिवार आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना पूरी होने के बाद मिलने वाली पहचान संख्या (SE ID) को सुरक्षित रखना जरूरी होगा, ताकि बाद में प्रगणकों के सत्यापन के दौरान इसका उपयोग किया जा सके।

1 दिसंबर से 4 जनवरी तक घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

डीएम के अनुसार, स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनसंख्या गणना और दर्ज किए गए विवरण का सत्यापन करेंगे। इस दौरान प्रत्येक परिवार से सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराने की अपेक्षा की गई है।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से किरायेदारों, प्रवासी मजदूरों, दूरदराज की बस्तियों में रहने वाले परिवारों, वरिष्ठ नागरिकों और अकेले रहने वाले लोगों को जनगणना में शामिल करने पर जोर दिया। उन्होंने ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से भी अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने की अपील की।


सही आंकड़े ही तय करेंगे विकास की दिशा

कपिल सिंह ने कहा कि जनगणना केवल आबादी की संख्या जुटाने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि इससे भविष्य की सरकारी योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और बुनियादी सुविधाओं की जरूरतों का आकलन किया जाता है। इसलिए कोई भी परिवार गणना से वंचित न रहे। उन्होंने सभी नागरिकों से सही जानकारी देने और प्रगणकों को पूरा सहयोग करने की अपील की।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *