आज की ताजा खबर

राम नाम के स्मरण से मिटता है निराशा का अंधकार, मानस सम्मेलन में संतों ने दिया भक्ति का संदेश

top-news

रोहित अवस्थी 

अजीतमल, औरैया। बाबरपुर कस्बे की सब्जी मंडी बाजार में गुरुवार को 28वें श्री मानस सम्मेलन का तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुरू हुआ। सम्मेलन में संतों और मानस मर्मज्ञों ने रामचरितमानस की चौपाइयों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, सदाचार और मर्यादित जीवन जीने का संदेश दिया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मानस सम्मेलन समिति के अध्यक्ष डॉ. उमेश दीक्षित ने मानस ग्रंथ के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद समिति के महामंत्री डॉ. रामदर्शन कठेरिया, कोषाध्यक्ष राम अवतार गुप्ता, दिनेश चंद्र पोरवाल, लालजी पोरवाल, संजीव पोरवाल और सतीश चौहान सहित अन्य पदाधिकारियों ने संतों और विद्वानों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

सम्मेलन के प्रथम दिन मानस मर्मज्ञ संत सीताशरण ने मानस ग्रंथ का पूजन किया। इसके बाद राम नाम संकीर्तन के साथ प्रवचन शुरू हुए। उन्होंने 'रामकथा सुंदर करतारी' चौपाई की व्याख्या करते हुए कहा कि रामकथा मनुष्य के जीवन को पवित्र बनाती है और उसे धर्म, मर्यादा तथा सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।

झांसी से आईं रुचि रामायणी ने 'ब्रह्म राम तें नामु बड़' चौपाई के माध्यम से राम नाम की महिमा बताई। उन्होंने कहा कि राम नाम ऐसा अमूल्य धन है, जिसे जितना बांटा जाता है, उतना ही बढ़ता है। जिस हृदय में राम नाम का वास होता है, वहां निराशा का अंधकार नहीं टिकता। उन्होंने सांसारिक धन के साथ राम नाम की कमाई करने का भी संदेश दिया।

इसके अलावा राजेंद्र पाठक, राजेंद्र मिश्रा और पुष्पांजलि शुक्ला ने भी प्रवचन दिए। तीन दिवसीय सम्मेलन 12 से 14 नवंबर तक चलेगा। प्रतिदिन दोपहर 12 बजे और रात आठ बजे से संतों के प्रवचन होंगे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *