आज की ताजा खबर

सरकारी आवास में बिजली चोरी की शिकायत पर विभाग की क्लीनचिट, जांच की विश्वसनीयता कठघरे में

top-news

आईजीआरएस पर शिकायत का निस्तारण कर जिलाधिकारी को भेजी आख्या, शिकायतकर्ता ने रिपोर्ट को बताया भ्रामक; आरटीआई की सूचना न मिलने का आरोप, डीएम और एमडी से विजिलेंस जांच की मांग

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़ 

फर्रुखाबाद। कायमगंज में सरकारी आवासों में कथित बिजली चोरी का मामला अब विद्युत विभाग की जांच और निस्तारण की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा में है। चीनी मिल रोड पर रेलवे लाइन के समीप स्थित सरकारी आवासों में बिना वैध विद्युत कनेक्शन बिजली इस्तेमाल किए जाने की शिकायत पर विभाग ने स्थलीय जांच कराकर मामले में क्लीनचिट दे दी। विभागीय अधिकारियों की रिपोर्ट में विद्युत चोरी की पुष्टि नहीं होने की बात कही गई है। हालांकि शिकायतकर्ता ने निस्तारण आख्या को भ्रामक बताते हुए जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं। उसने जिलाधिकारी और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक से पूरे प्रकरण की विजिलेंस अथवा उच्चस्तरीय स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है।

चार नवंबर को हुआ निरीक्षण, रिपोर्ट में नहीं मिली चोरी

यहियापुर ग्रामीण, कायमगंज निवासी आशीष त्रिपाठी पुत्र अनिल कुमार ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत संख्या 40015926027162 दर्ज कराकर संबंधित सरकारी आवासों में विद्युत चोरी की जांच कराने की मांग की थी। शिकायत पर विद्युत वितरण उपखंड कायमगंज के उपखंड अधिकारी के निर्देश पर संबंधित अवर अभियंता ने चार नवंबर 2026 को मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के बाद अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड कायमगंज की ओर से जिलाधिकारी फर्रुखाबाद को भेजी गई आख्या में बताया गया कि संबंधित आवासों में अवैध रूप से विद्युत उपभोग होता नहीं पाया गया। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि इन आवासों के लिए विभाग की ओर से कोई विद्युत संयोजन निर्गत नहीं किया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जांच में विद्युत चोरी की पुष्टि नहीं होने के आधार पर आईजीआरएस शिकायत का निस्तारण कर दिया गया। इसकी जानकारी शिकायतकर्ता को दूरभाष के माध्यम से भी दी गई।


निस्तारण आख्या पर शिकायतकर्ता ने उठाए सवाल

विभाग की ओर से शिकायत का निस्तारण किए जाने के बावजूद शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं है। उसका आरोप है कि विभाग ने वास्तविक स्थिति स्पष्ट किए बिना भ्रामक निस्तारण आख्या प्रस्तुत कर दी। शिकायतकर्ता ने सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत भी मामले से संबंधित अभिलेख और जांच की जानकारी मांगी थी। आरोप है कि सूचना उपलब्ध कराने के निर्देशों के बावजूद उसे अपेक्षित जानकारी नहीं मिल सकी।

शिकायतकर्ता ने स्थानीय विद्युत अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए प्रकरण में मिलीभगत की आशंका जताई है। उसने जिलाधिकारी और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक से मांग की है कि मामले की जांच स्थानीय अधिकारियों से अलग विजिलेंस अथवा किसी स्वतंत्र उच्चस्तरीय टीम से कराई जाए, ताकि सरकारी आवासों में विद्युत उपयोग की वास्तविक स्थिति और विभागीय जांच की निष्पक्षता सामने आ सके।

अब निष्पक्ष जांच से ही स्पष्ट होगी वास्तविक स्थिति

एक ओर विद्युत विभाग अपनी स्थलीय जांच रिपोर्ट के आधार पर विद्युत चोरी की पुष्टि नहीं होने का दावा करते हुए शिकायत का निस्तारण कर चुका है, वहीं दूसरी ओर शिकायतकर्ता विभागीय कार्रवाई को चुनौती दे रहा है। ऐसे में मामले में जांच की पारदर्शिता और आरटीआई के तहत मांगी गई सूचनाओं की उपलब्धता महत्वपूर्ण सवाल बन गए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन शिकायतकर्ता की आपत्तियों पर क्या रुख अपनाता है और क्या प्रकरण की स्वतंत्र जांच कराई जाती है।

नोट: शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए आरोपों की हिन्दी दैनिक लोक भारती स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है। विभागीय जांच आख्या और शिकायतकर्ता के आरोपों के बीच वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए निष्पक्ष जांच आवश्यक है।


क्या बोले जिम्मेदार

जब इस संबंध में एस डी ओ कायमगंज दिनेश कुमार से मामले में की गई आई जी आर एस में लगाई गई गलत आख्या के संबंध में जानकारी चाही गई तो उन्होंने मामले को अवर अभियंता जावेद खान के ऊपर डालते हुए साफगोई से अपना बचाव करते हुए कहा कि मैने जांच अवर अभियंता जावेद खान को दी थी उन्होंने जो रिपोर्ट दी उसके आधार पर मैने भी आख्या लगा दी, उनसे मौके पर स्वयं जाकर जांच के बारे में पूछा तो एस डी ओ दिनेश कुमार ने बताया कि मैं मौके पर नहीं गया था।

आई जी आर एस जैसी महत्वपूर्ण जांच में भी क्या इस तरह की उदासीनता लाजमी है। इससे साफ जाहिर होता है कि जांच पड़ताल को भी सिर्फ कागजी बंडल बढ़ाने का जरिया बना कर उच्चाधिकारियों को भ्रामक सूचनाओं से संतुष्ट किया जा रहा है

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *