आज की ताजा खबर

ऑपरेशन के बाद बिगड़ी 45 दिन के मासूम की हालत, सैफई में उपचार के दौरान मौत

top-news

जीभ की परेशानी पर परिजन बंगाली डॉक्टर के पास ले गए थे, पोस्टमार्टम से किया इनकार, पुलिस ने पंचायतनामा भरकर सौंपा शव

रोहित अवस्थी 

अछल्दा, औरैया। थाना क्षेत्र के तेहराजपुर गांव निवासी ईशू कठेरिया के 45 दिन के मासूम पुत्र देशान्त की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, जीभ में परेशानी होने पर बच्चे का एक निजी चिकित्सक से ऑपरेशन कराया गया था। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ती चली गई। सैफई मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिस पर पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव उन्हें सौंप दिया।


परिजनों ने बताया कि बच्चे की जीभ में परेशानी दिखाई देने पर उसकी मां सोनम 11 नवंबर को उसे अपने मायके सरैया, मुरादगंज स्थित एक बंगाली डॉक्टर के पास ले गई थीं। आरोप है कि डॉक्टर ने बच्चे का ऑपरेशन कर दिया। इसके बाद सोनम बच्चे के साथ मायके में ही रुक गईं। ऑपरेशन के बाद खून बंद नहीं होने पर रात करीब 10 बजे दोबारा उसी डॉक्टर के पास ले जाया गया। डॉक्टर ने टांके लगाए। 12 नवंबर की सुबह भी बच्चे को दिखाया गया, जहां डॉक्टर ने हालत ठीक होने की बात कही।

आराम न मिलने पर परिजन बच्चे को औरैया के एक निजी नर्सिंग होम ले गए। वहां से उसे चिचौली रेफर कर दिया गया। चिचौली में भी हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने सैफई रेफर कर दिया। रात करीब साढ़े आठ बजे सैफई पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद मां बच्चे का शव लेकर तेहराजपुर स्थित ससुराल पहुंची। पिता ईशू बल्लभगढ़, फरीदाबाद में नौकरी करते हैं। सूचना मिलने पर वह रात में घर आ गए। शुक्रवार सुबह परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी जीतमल चौधरी और उपनिरीक्षक जयप्रकाश ने पुलिस बल के साथ जांच-पड़ताल की। परिजनों के पोस्टमार्टम से इनकार करने पर पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव उन्हें सौंप दिया।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *