आज की ताजा खबर

विद्या भारती की क्षेत्रीय प्रतियोगिता के सांस्कृतिक कार्यक्रम में पहुंचे जिलाधिकारी, विज्ञान और संस्कृति के समन्वय पर दिया जोर

top-news

छात्र टेक्नोलॉजी को अपना पार्टनर बनाएं, उसका गुलाम नहीं : डीएम इंद्रजीत सिंह

वायु प्रदूषण जैसी समस्याओं के समाधान के लिए विद्यार्थियों से नए प्रयोग और रचनात्मक सोच अपनाने की अपील

सुशील मिश्रा

सुलतानपुर। सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्ञान कुंज, विवेकानंद नगर में आयोजित विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र की तीन दिवसीय क्षेत्रीय प्रतियोगिता के अंतर्गत संध्याकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक का सकारात्मक उपयोग करने और विज्ञान के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहने का संदेश दिया।

विद्यालय के प्रबंधक डॉ. पवन सिंह और प्रधानाचार्य राकेश मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में कन्या भारती की छात्राओं एवं छात्र संसद के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी का स्वागत किया। अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने विद्या भारती के शैक्षिक और सांस्कृतिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि एक बेहतर और संपूर्ण व्यक्तित्व के निर्माण के लिए विज्ञान, गणित और टेक्नोलॉजी के ज्ञान के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ना भी जरूरी है। पूर्वजों से मिली सांस्कृतिक चेतना को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए गंभीरता से प्रयास करने चाहिए।


वायु प्रदूषण के समाधान के लिए नए प्रयोग करने की जरूरत

जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में रचनात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में वायु प्रदूषण एक बड़ी चुनौती बन चुका है। ऐसे में विद्यार्थियों को विज्ञान के नए-नए प्रयोगों के माध्यम से इस समस्या के समाधान के उपाय तलाशने चाहिए। इसके लिए मनन-चिंतन के साथ नए प्रयोग करने और रचनात्मक दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता है।

तकनीक के बढ़ते प्रभाव पर उन्होंने कहा कि आज के दौर में टेक्नोलॉजी का ज्ञान बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन विद्यार्थियों को इसका गुलाम बनने के बजाय इसे अपना सहयोगी बनाना चाहिए। उन्होंने संदेश दिया कि टेक्नोलॉजी को अपना मास्टर नहीं, बल्कि पार्टनर बनाएं। जीवन में करियर बनाने के अनेक अवसर हैं। विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार हर क्षेत्र में ज्ञान और मजबूत पकड़ विकसित करनी चाहिए।

विद्यालय की अनुशासन व्यवस्था और शैक्षिक वातावरण से प्रभावित होकर जिलाधिकारी ने प्रबंधक, प्रधानाचार्य और पूरे आचार्य परिवार के कार्यों की प्रशंसा की। सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने गायन और वादन के साथ पारंपरिक लोकगीतों पर अभिनय आधारित आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

विभिन्न क्षेत्रों के पदाधिकारी और 49 जिलों के प्रतिभागी रहे मौजूद

कार्यक्रम की अध्यक्षता सुलतानपुर विभाग के विभाग प्रचारक श्री प्रकाश जी ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय संबोधन में अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, वरिष्ठ चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. जेपी सिंह, क्षेत्र संगठन मंत्री हेमचंद्र जी, सह क्षेत्र संगठन मंत्री डॉ. राम मनोहर जी, प्रदेश निरीक्षक शेषधर द्विवेदी, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार सिंह, विज्ञान के क्षेत्रीय संयोजक बांके बिहारी पांडेय, गणित विषय के संतोष सिंह, संस्कृति फोन परियोजना के जियालाल, प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व नगरपालिका चेयरमैन भोलानाथ अग्रवाल, उपाध्यक्ष डॉ. वीके झा, शैलेंद्र चतुर्वेदी, आलोक आर्य, उपप्रधानाचार्य रमेश मिश्र, रवींद्र त्रिपाठी, अनिल पांडेय, श्याम श्रीवास्तव, रंजना पांडेय, सरिता त्रिपाठी, अखिलेश सिंह, द्वारिकानाथ पांडेय और रणविजय सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्या भारती की प्रतियोगिता में शामिल सभी 49 जनपदों के छात्र-छात्राओं के साथ संरक्षक, आचार्य और आचार्या भी मौजूद रहे।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *