आज की ताजा खबर

अमृतपुर तहसील में गंदगी का अंबार, कूड़े के ढेर बने मच्छरों की पनाहगाह

top-news

अधिवक्ताओं और वादकारियों का परिसर में रहना मुश्किल, जगह-जगह बिखरे शराब के खाली पौआ खोल रहे अव्यवस्था की पोल; संचारी रोग नियंत्रण अभियान के बीच सफाई व्यवस्था बेपटरी, शिकायतों के बाद भी नहीं सुधरे हालात

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

 फर्रुखाबाद l संचारी रोगों से बचाव के लिए जिले में अभियान चल रहा है, लोगों को साफ-सफाई रखने और मच्छरों से बचने की नसीहत दी जा रही है, लेकिन अमृतपुर तहसील परिसर में इन दावों की हकीकत कुछ और ही तस्वीर बयां कर रही है। यहां जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं और उनमें मच्छरों ने अपना ठिकाना बना लिया है। परिसर में फैली गंदगी और दुर्गंध से अधिवक्ताओं से लेकर मुकदमों की पैरवी करने आने वाले वादकारी तक परेशान हैं। इतना ही नहीं, कूड़े के ढेरों में शराब के खाली पौआ भी बड़ी संख्या में पड़े दिखाई देते हैं। बार-बार शिकायतों के बावजूद सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं होने से तहसील प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

अमृतपुर तहसील परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में फरियादी, वादकारी और अधिवक्ता पहुंचते हैं। इसके बावजूद परिसर की नियमित साफ-सफाई पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जगह-जगह जमा कूड़ा न केवल परिसर की सुंदरता बिगाड़ रहा है, बल्कि मच्छरों के पनपने का कारण भी बन रहा है। ऐसे में यहां आने वाले लोगों को संक्रामक और मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बना हुआ है।


अभियान के दावों के बीच गंदगी का डेरा

एक ओर प्रशासन संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर जागरूकता और साफ-सफाई के निर्देश दे रहा है, वहीं दूसरी ओर तहसील परिसर में कूड़े के ढेर अभियान की मंशा पर सवाल खड़े कर रहे हैं। मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए सफाई और छिड़काव जरूरी है, लेकिन परिसर की मौजूदा स्थिति देखकर इन व्यवस्थाओं की नियमितता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। अभियान का असर यदि सरकारी कार्यालय परिसरों में ही दिखाई नहीं देगा तो आम नागरिकों से स्वच्छता की अपेक्षा कैसे की जाएगी?

अधिवक्ताओं ने कई बार उठाई आवाज, नतीजा सिफर

तहसील परिसर की गंदगी को लेकर अधिवक्ता कई बार आवाज उठा चुके हैं। यह समस्या पूर्व में समाचार पत्रों की सुर्खियां भी बन चुकी है, लेकिन इसके बावजूद व्यवस्था में स्थायी सुधार नहीं हो सका। शिकायतें उठती हैं, समस्या पर चर्चा होती है, मगर कुछ समय बाद हालात फिर पुराने ढर्रे पर पहुंच जाते हैं। इससे अधिवक्ताओं और वादकारियों में नाराजगी बनी हुई है।

कूड़े में शराब के खाली पौआ, निगरानी पर सवाल

परिसर में जगह-जगह पड़े कूड़े के बीच शराब के खाली पौआ भी सफाई व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं। तहसील जैसे महत्वपूर्ण सरकारी परिसर में इतनी बड़ी संख्या में शराब की खाली बोतलें पहुंचना भी सवाल खड़े करता है। आखिर परिसर में कौन लोग शराब पीकर खाली पौआ फेंक रहे हैं? क्या परिसर में बाहरी और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी नहीं रखी जा रही है? जिम्मेदारों को इस ओर भी ध्यान देने की जरूरत है।

सफाई के साथ छिड़काव कराने की मांग

अधिवक्ताओं और वादकारियों का कहना है कि तहसील परिसर में नियमित सफाई कराई जाए, कूड़े का समय से निस्तारण हो और मच्छरों से बचाव के लिए छिड़काव कराया जाए। साथ ही परिसर में शराब की खाली बोतलें और कचरा फेंकने वालों पर निगरानी रखी जाए। अब देखना यह है कि बार-बार उठ रही शिकायतों के बाद तहसील प्रशासन सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए कब ठोस कदम उठाता है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *