आज की ताजा खबर

रेल मंत्री के कानपुर दौरे की तैयारियां तेज, सांसद रमेश अवस्थी ने रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण

top-news

16 नवंबर को कानपुर-दिल्ली एक्सप्रेस के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और आवागमन व्यवस्था का लिया जायजा

लोक भारती न्यूज ब्यूरो 

कानपुर। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के 16 नवंबर को प्रस्तावित कानपुर आगमन और कानपुर-दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की प्रगति परखी। उन्होंने रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय से पूरी कर ली जाएं।

निरीक्षण के दौरान सांसद ने कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं के साथ यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और आवागमन से जुड़े इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से तैयारियों की स्थिति की जानकारी ली और कहा कि रेल मंत्री के आगमन तथा उद्घाटन समारोह के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए व्यवस्थाएं समय पर पूरी करें।

इस दौरान डीआरएम रजनीश अग्रवाल, सीटीएम आकांशू कुमार सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


कानपुर-दिल्ली के बीच रेल संपर्क को मिलेगी नई गति

सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि कानपुर-दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ शहर और क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। इससे कानपुर और दिल्ली के बीच रेल संपर्क को नई गति मिलेगी। व्यापारियों, उद्यमियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार रेलवे के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। कानपुर को बेहतर रेल सुविधाओं से जोड़ना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

सांसद ने अधिकारियों से कार्यक्रम की प्रत्येक व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि रेल मंत्री के कानपुर आगमन और ट्रेन के उद्घाटन समारोह को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *