आज की ताजा खबर

शिकायत के बाद भी नहीं जागी पुलिस, जयदेव की मौत पर भड़का आक्रोश; मुख्य चौराहे पर लगाया जाम

top-news

नौ नवंबर को दी गई तहरीर पर कार्रवाई न होने का आरोप, कानपुर में उपचार के दौरान घायल ने तोड़ा दम; हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े परिजन और कस्बावासी, प्रभारी निरीक्षक के आश्वासन पर खुला जाम

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

फर्रुखाबाद l नवाबगंज मिट्टी उठाने के विवाद में मारपीट के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए 45 वर्षीय जयदेव उर्फ दुर्विजय की शुक्रवार सुबह कानपुर के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद नौ नवंबर को ही नवाबगंज थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते मामले को गंभीरता से नहीं लिया। घायल की हालत बिगड़ने पर गुरुवार को एनसीआर दर्ज की गई। इसके बावजूद जयदेव की मौत के बाद भी हत्या का मुकदमा दर्ज न होने से परिजनों और कस्बावासियों का आक्रोश भड़क उठा। गुस्साए लोगों ने नवाबगंज के मुख्य चौराहे पर जाम लगा दिया। आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग पर प्रदर्शनकारी अड़े रहे। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। उनके आश्वासन के बाद ही लोग जाम खोलने को राजी हुए।

गांव घमुइया राशूलपुर निवासी जयदेव ने खेत से मिट्टी उठाने की अनुमति लेकर मिट्टी खरीदी थी। इसी बात को लेकर गांव के एक युवक से विवाद हो गया। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर जयदेव को घेर लिया और बेरहमी से पीटा। मारपीट में उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए कानपुर ले गए थे, जहां शुक्रवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।


नौ नवंबर की तहरीर पर कार्रवाई न होने का आरोप

मृतक के बेटे गौरव का आरोप है कि उसने नौ नवंबर को नवाबगंज थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इसके बावजूद पुलिस ने कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। गुरुवार को जयदेव की हालत बिगड़ने की जानकारी देने के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर एनसीआर दर्ज की। परिजनों का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद ही पुलिस ने गंभीरता दिखाई होती तो शायद मामला इस स्थिति तक नहीं पहुंचता।


मौत के बाद मुख्य चौराहे पर जाम, पुलिस के खिलाफ जताया आक्रोश

शुक्रवार को जयदेव की मौत की खबर गांव और कस्बे में फैलते ही परिजनों और कस्बावासियों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने नवाबगंज के मुख्य चौराहे पर जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। उनका कहना था कि घायल की मौत के बाद भी मुकदमा दर्ज न होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। जाम के कारण चौराहे पर आवागमन बाधित हो गया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों और कस्बावासियों को समझाते हुए आश्वासन दिया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रभारी निरीक्षक के आश्वासन के बाद ही प्रदर्शनकारियों ने जाम खोला, जिसके बाद आवागमन सुचारु हो सका।


पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

परिजनों ने पुलिस पर आरोपितों से मिलीभगत कर मामले को दबाने का आरोप लगाया है। कस्बावासियों का कहना है कि नवाबगंज क्षेत्र में हाल के महीनों में कई गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। कुछ मामलों में शिकायतों के बावजूद समय से कार्रवाई न होने को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। जयदेव की मौत के मामले में शुरुआती शिकायत पर पुलिस की कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज करने में हुई देरी को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं।

जयदेव की मौत से पत्नी आशा देवी, बेटे सौरभ, गौरव और नीलेश तथा बेटी ज्योति का रो-रोकर बुरा हाल है। भाई सुखदेव सहित परिवार के लोगों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *