आज की ताजा खबर

साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, 10.87 लाख रुपये की धोखाधड़ी में बैंक खाते किराये पर देने वाला आरोपी गिरफ्तार

top-news

जस्ट डायल पर सस्ते सामान के फर्जी विज्ञापन देकर ग्राहकों को लगाते थे चूना, पांच बैंक खातों से जुड़ीं छह शिकायतों में हुआ लाखों की ठगी का खुलासा

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

फर्रुखाबाद l ऑनलाइन खरीदारी में सस्ते सामान का लालच देकर लोगों की गाढ़ी कमाई हड़पने वाले साइबर ठगों के नेटवर्क का राजेपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। जस्ट डायल पर सीमेंट, गेहूं, चीनी, काजू-बादाम और कोल्ड ड्रिंक समेत विभिन्न सामानों के फर्जी विज्ञापन देकर ग्राहकों को जाल में फंसाया जाता था। बाजार से बेहद कम कीमत पर सामान उपलब्ध कराने का झांसा देकर उनसे एडवांस भुगतान कराया जाता था। ठगी की रकम उन बैंक खातों में मंगाई जाती थी, जिन्हें साइबर अपराधियों को किराये पर उपलब्ध कराया गया था। पुलिस की जांच में पांच बैंक खातों के माध्यम से छह शिकायतों में कुल 10 लाख 87 हजार 488 रुपये की साइबर ठगी का खुलासा हुआ है। पुलिस ने बैंक खाते उपलब्ध कराने के आरोप में हरिहरपुर निवासी करन को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एंड्रॉयड मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को थाना राजेपुर पुलिस को प्रतिबिम्ब पोर्टल के माध्यम से साइबर ठगी से संबंधित शिकायत प्राप्त हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर हरिहरपुर निवासी करन पुत्र श्याम सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। थाने की साइबर हेल्प डेस्क ने आरोपी से जुड़े बैंक खातों की पड़ताल की तो ठगी के बड़े खेल की परतें खुलने लगीं।

जांच में सामने आया कि आरोपी के पांच अलग-अलग बैंक खातों के विरुद्ध कुल छह साइबर शिकायतें दर्ज हैं। इन खातों के माध्यम से 10,87,488 रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की जानकारी मिली। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगों को इस्तेमाल के लिए उपलब्ध कराता था। इन खातों में ठगी से प्राप्त रकम जमा कराई जाती थी।

सस्ते सामान का विज्ञापन देकर बनाते थे शिकार

पुलिस पूछताछ में ठगी का तरीका भी सामने आया। गिरोह के सदस्य जस्ट डायल पर सीमेंट, गेहूं, चीनी, काजू-बादाम और कोल्ड ड्रिंक समेत कई सामानों के आकर्षक विज्ञापन डालते थे। इन उत्पादों को बाजार भाव से काफी कम कीमत पर बेचने का दावा किया जाता था। ग्राहकों का विश्वास जीतने के लिए फर्जी दस्तावेजों का भी सहारा लिया जाता था। कम कीमत देखकर जब ग्राहक सामान खरीदने के लिए संपर्क करते थे, तो उनसे एडवांस भुगतान के नाम पर रुपये जमा करा लिए जाते थे। इसके लिए आरोपी के बैंक खातों का इस्तेमाल किया जाता था। रकम खाते में पहुंचते ही ग्राहक ठगी का शिकार हो जाते थे। उन्हें न तो वादा किया गया सामान मिलता था और न ही जमा की गई रकम वापस की जाती थी।

इस पूरे खेल में बैंक खाते उपलब्ध कराने वाला आरोपी साइबर ठगों के लिए अहम कड़ी बना हुआ था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ठगी की रकम के लेनदेन के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

पश्चिम बंगाल में भी दर्ज है ठगी का मुकदमा

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार करन का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध पश्चिम बंगाल के पूर्बा बर्धमान जिले के थाना मेमारी में भी ठगी का मुकदमा दर्ज है। राजेपुर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 216/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने की कार्रवाई

यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देशन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज श्री यमुना प्रसाद के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में राजेपुर थानाध्यक्ष अजब सिंह, एएसआई सत्येंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल विश्वनाथ सिंह तथा कांस्टेबल वीरज और सौरभ सिंह शामिल रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *