आज की ताजा खबर

शिक्षकों से मारपीट के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, पूर्व विधायक अनीता कमल को सौंपा ज्ञापन

top-news

शिक्षक संघ ने अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग की सदस्य से की मुलाकात, जल्द कार्रवाई का उठाया मुद्दा

7 नवंबर को जयती स्कूल में दो शिक्षकों के साथ हुई थी मारपीट, पुलिस दर्ज कर चुकी है मुकदमा

लालमणि गोंड

आलापुर (अंबेडकरनगर)। कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय जयती में शिक्षकों के साथ मारपीट के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से शिक्षक संघ में नाराजगी है। शुक्रवार को शिक्षक संघ के पदाधिकारियों और शिक्षकों ने पूर्व विधायक एवं अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग की सदस्य अनीता कमल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मामले में नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई कराने की मांग की।

मालूम हो कि बीते 7 नवंबर को कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय जयती में घुसकर कुछ लोगों ने दो शिक्षकों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी। घटना के संबंध में शिक्षक अरुण कुमार की शिकायत पर जहांगीरगंज पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी आलापुर कर रहे हैं।

शिक्षक संघ का कहना है कि घटना के बाद संगठन की ओर से क्षेत्राधिकारी आलापुर और जहांगीरगंज थानाध्यक्ष रितेश कुमार पांडेय को भी ज्ञापन देकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई थी, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इसी को लेकर शिक्षकों ने आयोग की सदस्य से हस्तक्षेप कर कार्रवाई सुनिश्चित कराने की अपील की।

दो दर्जन शिक्षकों ने सौंपा ज्ञापन

जहांगीरगंज विकासखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अजय कुमार पांडेय, संरक्षक शांतिभूषण पांडेय और मंत्री रामकेवल यादव के नेतृत्व में करीब दो दर्जन शिक्षक अनीता कमल से मिले। प्रतिनिधिमंडल में ब्रह्मदेव तिवारी, मो. मुंतजीम सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे।

पूर्व विधायक अनीता कमल ने शिक्षकों को मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने शिक्षकों के साथ इस तरह की घटना की निंदा करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में उचित कार्रवाई होनी चाहिए।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *