आज की ताजा खबर

जनगणना में लापरवाही पर नपेंगे जिम्मेदार, हर परिवार की स्व-गणना कराने को डीएम डॉ. अंकुर लाठर सख्त

top-news

16 से 29 नवंबर तक चलेगा 14 दिवसीय जागरूकता अभियान, विभागाध्यक्षों को खुद स्व-गणना कर अधीनस्थों को प्रेरित करने के निर्देश; हर कार्यालय में बनेगी हेल्प डेस्क

लक्ष्मी शरण सिंह राठौर 

फर्रुखाबाद l भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत स्व-गणना अभियान को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। जनपद के प्रत्येक परिवार को इस प्रक्रिया से जोड़ने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि अभियान केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि हर परिवार तक इसकी जानकारी पहुंचनी चाहिए। सभी विभागाध्यक्ष पहले स्वयं स्व-गणना करें और अपने अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों की सहभागिता भी सुनिश्चित कराएं।

स्व-गणना की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में डीएम ने बताया कि 16 से 29 नवंबर तक 14 दिवसीय जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 16 नवंबर को राजस्व एवं प्रशासन, 17 को स्थानीय शासन एवं ग्रामीण विकास, 18 को युवा-खेल एवं सामुदायिक संस्थान व मीडिया, 19 को पद्म पुरस्कार से सम्मानित व्यक्तियों एवं आवासीय कल्याण समितियों तथा 20 को न्यायिक दिवस के रूप में अभियान चलेगा।

इसी क्रम में 21 को वर्दीधारी बल, 22 को केंद्र सरकार के कार्यालय एवं वित्त, 23 को शिक्षा, 24 को स्वास्थ्य, 25 को उद्योग एवं परिवहन, 26 को महिला एवं स्वयं सहायता समूह, 27 को डिजिटल सुविधा सहायता एवं विशेष आवश्यकता, 28 को घर से कार्य करने वाले कार्मिकों तथा 29 नवंबर को प्राइड दिवस के रूप में जागरूकता गतिविधियां आयोजित होंगी।


हर कार्यालय में नोडल अधिकारी, गांवों और वार्डों में खुलेंगे सहायता केंद्र

डीएम ने सभी सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और संस्थानों में नोडल अधिकारी नामित कर हेल्प डेस्क स्थापित कराने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायतों और शहरी वार्डों में भी सहायता केंद्र बनाए जाएंगे। ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों और जनसेवा केंद्रों के माध्यम से लोगों को स्व-गणना की प्रक्रिया में तकनीकी मदद दी जाएगी। विद्यालयों के जरिए भी अधिकाधिक परिवारों को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया गया।

एसई-आईडी, नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करना अनिवार्य

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बैनर, पोस्टर और प्रचार सामग्री पर स्व-गणना की तिथियों के साथ आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in का उल्लेख अनिवार्य रूप से हो। स्व-गणना कराने वाले प्रत्येक परिवार की एसई-आईडी (SE-ID) उसके नाम और मोबाइल नंबर के साथ दर्ज की जाए। प्रगणकों को क्षेत्र में आने वाली तकनीकी और मानचित्र संबंधी समस्याओं का समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराने के साथ अभियान की नियमित समीक्षा भी की जाए।

डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से जिम्मेदारी निभाने और जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, समस्त उप जिलाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *