आज की ताजा खबर

छठ पूजा पर पांचाल घाट पर चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर, डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने अफसरों को किया अलर्ट

top-news

श्रद्धालुओं की सुरक्षा में नहीं होगी चूक, नदी में गोताखोरों की तैनाती के साथ घाट पर होगी मजबूत बैरीकेडिंग; महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम और जाम से निपटने को बनेगी विशेष यातायात योजना

लक्ष्मी शरण सिंह राठौर 

फर्रुखाबाद l छठ पूजा पर पांचाल घाट में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। नदी में स्नान से लेकर घाट पर पूजा-अर्चना और श्रद्धालुओं की आवाजाही तक हर पहलू पर निगरानी रखी जाएगी। शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पांचाल घाट का निरीक्षण कर तैयारियों की हकीकत परखी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्व के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं में कोई चूक नहीं होनी चाहिए। लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।

जिलाधिकारी ने घाट पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ के मद्देनजर मजबूत बैरीकेडिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षित सीमा से आगे न जाए। नदी में स्नान और पूजा के दौरान हादसों की आशंका को देखते हुए प्रशिक्षित गोताखोरों की पर्याप्त संख्या में तैनाती की जाएगी। घाट के संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल मुस्तैद रहेगा और लगातार निगरानी की जाएगी। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय से सुरक्षा व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए। 


डीएम ने कहा कि छठ पूजा के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए घाट पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के साथ स्वच्छ पेयजल और शौचालयों का इंतजाम कराया जाए। महिलाओं की सुविधा और निजता को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित चेंजिंग रूम बनवाए जाएं। घाट और आसपास के क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाकर कूड़े का नियमित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जाम रोकने के लिए पहले से तय होगी पार्किंग

श्रद्धालुओं की भीड़ के साथ वाहनों का दबाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी ने यातायात प्रबंधन पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने पार्किंग के लिए निर्धारित स्थान चिह्नित कर व्यवस्थित व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए, ताकि घाट के आसपास जाम की स्थिति न बने। एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के लिए रास्ता हर हाल में खाली रखा जाए। सभी विभागों को पर्व से पहले अपनी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि छठ पूजा जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता प्रशासन की प्राथमिकता है। व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. गिरीश कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, एसडीएम सदर संजय कुमार, खंड विकास अधिकारी बढ़पुर योगेश पाण्डेय, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश चंद्र, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक विश्वास मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

 


पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *