आज की ताजा खबर

इलाज के दौरान युवक की मौत से बिगड़े हालात, शव रखकर ग्रामीणों ने किया हंगामा

top-news

रोहित अवस्थी 

अजीतमल, औरैया। पुरानी रंजिश में हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक की शुक्रवार सुबह ग्वालियर में उपचार के दौरान मौत हो गई। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने फुटेकुआं चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए।


इससे बडेरा मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। सूचना पर कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाए जाने की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन शांत हुए और अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए।

अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ज्ञानपुर प्रताप सिंह भूरेपुर निवासी अंकित दोहरे सात नवंबर की रात करीब आठ बजे फुटेकुआं से बाजार करके घर लौट रहा था। परिजनों के अनुसार, गांव के पास जयवीर पुत्र दुलारे और उसके रिश्तेदार शिवम ने पुरानी रंजिश को लेकर उसे रोककर गाली-गलौज और मारपीट की। घर पहुंचकर अंकित ने चाचा सुभाष को घटना बताई। इसके बाद दोनों आरोपियों के घर शिकायत करने पहुंचे तो आरोप है कि वहां दीपू, आशीष, राम सिंह और शिवम समेत अन्य लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इसमें अंकित और उसके चाचा घायल हो गए।

पुलिस ने अंकित को सीएचसी अजीतमल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में सैफई रेफर किया गया। हालत में सुधार न होने पर परिजन उसे ग्वालियर ले गए, जहां शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई।

शनिवार को शव पहुंचने पर सीओ शैलेंद्र सिंह और कोतवाली प्रभारी विजय बहादुर वर्मा मौके पर पहुंचे। सीओ ने बताया कि मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ा दी गई है। दो नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि एक आरोपी जिला अस्पताल में उपचाराधीन है। मौके पर फफूंद, अयाना और महिला थाना पुलिस सहित कई थानों का फोर्स तैनात रहा।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *